अक्षय खन्ना ने मुंबई में खरीदा 33 करोड़ का आलीशान घर, 2500 वर्ग फुट में फैला है लग्जरी अपार्टमेंट, साथ में हैं तीन पार्किंग

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना ने मुंबई के बेहद पॉश इलाके मालाबार हिल में करोड़ों रुपये का लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। स्कवायर यार्ड पर दिए गए प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक अभिनेता ने यह संपत्ति 33.26 करोड़ रुपये में खरीदी है। इस डील की जानकारी प्रॉपर्टी कंसल्टिंग प्लेटफॉर्म स्क्वायर यार्ड्स द्वारा देखे गए रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक यह लेनदेन सितंबर 2026 में रजिस्टर्ड हुआ है। हालांकि, इस प्रॉपर्टी को लेकर अभिनेता की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

2341 वर्ग फुट से ज्यादा है कारपेट एरिया

दस्तावेजों के अनुसार अक्षय खन्ना के नए अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 2,341.39 वर्ग फुट है। इसके अलावा प्रॉपर्टी में 175.45 वर्ग फुट की बालकनी स्पेस भी मौजूद है। इस तरह अपार्टमेंट का कुल क्षेत्रफल 2,516.84 वर्ग फुट बताया गया है। खास बात यह है कि इस प्रॉपर्टी के साथ तीन पार्किंग यूनिट भी शामिल हैं। मुंबई जैसे शहर में खासकर मालाबार हिल जैसे प्रीमियम इलाके में इतनी बड़ी रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की कीमत काफी अधिक होना स्वाभाविक है। दस्तावेजों के मुताबिक इस सौदे पर 1.99 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई गई है, जबकि रजिस्ट्रेशन चार्ज के तौर पर 30 हजार रुपये का भुगतान किया गया।

मालाबार हिल क्यों है खास?

मालाबार हिल दक्षिण मुंबई के सबसे चर्चित और महंगे रिहायशी इलाकों में गिना जाता है। अरब सागर के किनारे स्थित यह इलाका अपने प्रीमियम अपार्टमेंट्स, आलीशान घरों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। नेपियन सी रोड, वॉकशॉ रोड और पेडर रोड जैसे प्रमुख रास्तों के जरिए यहां से दक्षिण मुंबई के कई अहम हिस्सों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। मालाबार हिल की लोकेशन इसे कारोबारी और प्रोफेशनल लोगों के बीच भी खास बनाती है। नरिमन प्वाइंट, फोर्ट और लोअर परेल जैसे प्रमुख बिजनेस हब से इसकी कनेक्टिविटी इसे प्रीमियम रेजिडेंशियल डेस्टिनेशन बनाती है। इसके अलावा इलाके के आसपास स्कूल, अस्पताल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग सेंटर और मनोरंजन से जुड़ी कई सुविधाएं मौजूद हैं।

एक्टिंग में अलग पहचान बना चुके हैं अक्षय खन्ना

अक्षय खन्ना दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे हैं, लेकिन उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है। कई दशकों के करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। उनकी एक्टिंग में एक शांत और सहज अंदाज देखने को मिलता है, जिसकी वजह से उन्होंने फिल्मों में अपनी अलग जगह बनाई। अक्षय खन्ना ‘हमराज’, ‘दिल चाहता है’, ‘रेस’, ‘गांधी, माय फादर’, ‘दृश्यम’ और ‘हुलचुल’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। अलग-अलग जॉनर में उनके किरदारों को दर्शकों और समीक्षकों की ओर से सराहना मिली है। अब जल्द ही एक्टर ‘महाकाली’ में नजर आएंगे।

‘छावा’ और ‘धुरंधर’ से फिर चर्चा में आए

हाल के वर्षों में अक्षय खन्ना ने कुछ दमदार भूमिकाओं के जरिए एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा है। उन्होंने ऐतिहासिक एक्शन फिल्म ‘छावा’ में औरंगजेब का किरदार निभाया। इसके अलावा स्पाई एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ में भी वह अहम भूमिका में नजर आए। इन दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मिलने की बात सामने आई है। खासकर इन फिल्मों में अक्षय खन्ना के किरदारों ने उनके लंबे फिल्मी करियर में एक और अध्याय जोड़ा है। अब मालाबार हिल में 33.26 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी खरीदने की खबर के साथ अभिनेता एक बार फिर सुर्खियों में हैं।

ये भी पढ़ें: ‘ये है गठबंधन’, बस इतना कहते ही शहजाद पूनावाला पर हुआ अटैक, फाड़े कपड़े, बचाव में आगे आईं स्वरा भास्कर

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!