असम में कांग्रेस का बड़ा कदम! किया अखिल गोगोई के रायजोर दल से नाता तोड़ने का ऐलान

असम में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने आज (गुरुवार को) असम में अखिल गोगोई की लीडरशिप वाले ‘रायजोर दल’ के साथ सभी तरह के संबंध खत्म करने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इसके लिए “गठबंधन के नियमों के उल्लंघन” का हवाला दिया है। कांग्रेस ने एक स्टेटमेंट में कहा कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है और इसे तुरंत लागू कर दिया गया है। इसको लेकर APCC के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ के साइन वाला सर्कुलर बुधवार को रिलीज किया गया।

सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए किया था गठबंधन

कांग्रेस का कहना है कि उसने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले “सांप्रदायिक ताकतों” के विरुद्ध एकजुट विपक्ष पेश करने के उद्देश्य से पूरे देश की वामपंथी पार्टियों और रायजोर दल सहित कई क्षेत्रीय दलों के साथ चुनावी गठबंधन किया था।

कांग्रेस ने लगाया इमेज खराब करने का आरोप

कांग्रेस का आरोप है, ”हालांकि, इस दौरान अधिकतर समय रायजोर दल के नेतृत्व ने कांग्रेस के विरुद्ध लगातार गलत प्रचार किया और उनकी इमेज खराब करने का प्रयास किया, जिससे गठबंधन की मर्यादा और नियमों का उल्लंघन हुआ।” कांग्रेस ने ये भी कहा कि कई मौकों पर रायजोर दल के नेतृत्व ने विपक्षी गठबंधन में शामिल दूसरी पार्टियों के नेताओं के विरुद्ध बेबुनियाद, गैर-जरूरी और अपमानजनक बयानबाजी भी की। बार-बार गठबंधन के बुनियादी उसूलों को कमजोर किया।

रायजोर के साथ गठबंधन रखना अब संभव नहीं- कांग्रेस

गठबंधन के नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे व्यवहार के मद्देनजर, कांग्रेस ने कहा कि रायजोर दल के साथ सियासी संबंध बनाए रखना अब मुमकिन नहीं है। पार्टी ने दोहराया कि इस अलायंस को खत्म करने के बावजूद, कांग्रेस अपने वादों पर कायम है।

असम चुनाव में कांग्रेस ने 19 और रायजोर दल ने जीती थीं 2 सीटें

हालांकि, रायजोर दल की लीडरशिप की ओर से इसको लेकर कोई रिएक्शन अभी तक नहीं आया है। जान लें कि कांग्रेस और रायजोर दल असम विधानसभा चुनाव 2026 में 6 पार्टियों के विपक्षी गठबंधन का भाग थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने 19 और रायजोर दल ने 2 सीटें जीती थीं। इस चुनाव में विजय हासिल कर बीजेपी ने असम में जीत की हैट्रिक लगाई थी

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें- बंगाल-असम में बंपर जीत पर आया PM मोदी का पहला रिएक्शन, जानें क्या कहा

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!