देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक जारी हुई चेतावनी

मौसम विभाग ने आज यानी 8 सितंबर को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है।

कश्मीर और आस-पास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मैदानी और पहाड़ी इलाकों में बारिश

राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 13 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। 

वहीं, उत्तराखंड में 8-9 सितंबर को कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 8 से 13 सितंबर तक मौसम खराब रह सकता है।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 से 11 सितंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 8 सितंबर को बारिश की संभावना है। 

बिहार और ओडिशा में भारी बारिश

बिहार में आज भारी बारिश के साथ तूफान और बिजली की चेतावनी दी गई है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में बनी रहने की संभावना है। वहीं, झारखंड में 12-13 सितंबर और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11-13 सितंबर के दौरान भारी बारिश की चेतावनी है। ओडिशा में 8-9 सितंबर और फिर 10-12 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान

अरुणाचल प्रदेश में 8 से 13 सितंबर तक बारिश की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 13 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी 8 सितंबर और 12-13 सितंबर को बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण भारत में आंधी-बिजली का अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 सितंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें-

सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में फेंका शव

अरुणाचल प्रदेश में सुबह-सुबह महसूस किए गए भूकंप के झटके, इतनी रही तीव्रता

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!