शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक और बड़ा मौका आने वाला है। ऑटो पार्ट्स और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड अपना IPO लेकर बाजार में उतरने जा रही है। कंपनी ने ₹1000 करोड़ के IPO के लिए ₹79 से ₹84 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस इश्यू के लिए निवेशक 16 सितंबर से बोली लगा सकेंगे। IPO 18 सितंबर को बंद होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 23 सितंबर को होने की उम्मीद है।
₹1000 करोड़ का IPO
हीरो मोटर्स का IPO कुल ₹1000 करोड़ का होगा। इसमें ₹600 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹400 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। OFS के जरिए कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे। OFS में ओ पी मुंजाल होल्डिंग्स करीब ₹395 करोड़ के शेयर बेचेगी, जबकि हीरो साइकिल करीब ₹5 करोड़ के शेयरों की बिक्री करेगी। यानी IPO का एक बड़ा हिस्सा मौजूदा निवेशकों की हिस्सेदारी बेचने से आएगा।
कर्ज चुकाने और कारोबार बढ़ाने में लगेगा पैसा
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कारोबार को मजबूत करने में करेगी। इसमें करीब ₹190 करोड़ का इस्तेमाल कर्ज के भुगतान या प्री-पेमेंट के लिए किया जाएगा। इसके अलावा करीब ₹200 करोड़ कंपनी के गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश स्थित प्लांट में क्षमता बढ़ाने के लिए जरूरी उपकरण खरीदने पर खर्च किए जाएंगे। बाकी रकम का इस्तेमाल संभावित अधिग्रहण, रणनीतिक पहलों और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।
पहले ₹1,200 करोड़ का IPO लाने की थी योजना
हीरो मोटर्स ने जून 2025 में IPO के लिए DRHP दाखिल किया था। उस समय कंपनी ने ₹1,200 करोड़ जुटाने की प्लानिंग बनाई थी। इसमें ₹800 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹400 करोड़ का OFS शामिल था। बाद में कंपनी ने फ्रेश इश्यू का आकार घटाकर ₹600 करोड़ कर दिया। इसके साथ ही कुल IPO का आकार भी घटकर ₹1,000 करोड़ रह गया और OFS की संरचना में बदलाव किया गया।
BMW और डुकाटी जैसी कंपनियों को देती है सॉल्यूशन
हीरो मोटर्स ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए पावरट्रेन से जुड़े प्रोडक्ट्स और टेक्निकल सॉल्यूशन तैयार करती है। कंपनी अमेरिका, यूरोप, भारत और ASEAN सेक्टर में कई बड़े ऑटो OEM ग्राहकों को सेवाएं देती है। इसके ग्राहकों में BMW AG, डुकाटी मोटर होल्डिंग, एनवियोलो इंटरनेशनल, फॉर्मूला मोटरस्पोर्ट और हमिंगबर्ड ईवी जैसी कंपनियां शामिल हैं।
23 सितंबर को हो सकती है शेयर बाजार में एंट्री
हीरो मोटर्स के शेयरों की शेयर बाजार में लिस्टिंग 23 सितंबर को होने की उम्मीद है। IPO के बुक-रनिंग लीड मैनेजर ICICI सिक्योरिटीज, DAM कैपिटल एडवाइजर्स और JM फाइनेंशियल हैं, जबकि KFin टेक्नोलॉजीज इस इश्यू का रजिस्ट्रार है।
यह भी पढ़ें- 43 रुपये पर पहुंचा GMP Price, आईपीओ को दूसरे दिन मिला 18.20 गुना सब्सक्रिप्शन
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/hero-ipo-1789015274.jpg










