भारत की मशहूर वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 49 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही उनके शानदार खेल करियर में एशियन गेम्स के उस पदक की कमी भी पूरी हो गई, जो उन्हें अब तक नहीं मिला था। हालांकि मुकाबला बहुत कड़ा था और नॉर्थ कोरिया की खिलाड़ी री सोंग गम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। एशियन गेम्स 2026 का लाइव अपडेट आप यहां देख सकते हैं।
मीराबाई चानू ने 28 साल बाद भारत को दिलाया मेडल
मीराबाई चानू की यह सफलता इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि भारत को पूरे 28 साल बाद एशियन गेम्स की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में कोई पदक मिला है। इससे पहले भारत को वेटलिफ्टिंग में आखिरी पदक साल 1998 के एशियन गेम्स में मिला था। उस एशियन गेम्स में कर्णम मल्लेश्वरी ने 63 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। इतने लंबे समय तक चले मेडल के सूखे को खत्म करके मीराबाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे देश की सबसे भरोसेमंद और बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।
उत्तर कोरिया की खिलाड़ी से मिली कड़ी चुनौती
फाइनल मुकाबले में मीराबाई चानू का मुकाबला काफी कठिन और रोमांचक रहा। उत्तर कोरिया की दिग्गज वेटलिफ्टर री सोंग गम ने इस स्पर्धा में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। री सोंग गम ने स्नैच, क्लीन एंड जर्क और कुल वजन उठाने के तीनों वर्गों में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने कुल 215 किग्रा वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। बता दें कि मीराबाई 2023 एशियन गेम्स में जांघ की चोट के कारण फाइनल में क्लीन एंड जर्क की कोशिशों में बाधा आने की वजह से चौथे स्थान पर रही थी।
भारत के लिए बड़ी और यादगार उपलब्धि
कड़ी टक्कर के बावजूद मीराबाई चानू ने हिम्मत नहीं हारी और बेहतरीन मानसिक मजबूती दिखाते हुए कुल 198 किग्रा वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीता। भले ही उन्हें गोल्ड नहीं मिल सका, लेकिन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली खिलाड़ी के सामने ऐसा जुझारू प्रदर्शन करना और भारत को 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में ऐतिहासिक पदक दिलाना अपने आप में एक बहुत बड़ी कामयाबी है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने मीराबाई चानू को मेडल जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके लिए एक खास सिल्वर मेडल। महिलाओं के 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। उनका दृढ़ संकल्प और निरंतरता देश को प्रेरित करते रहते हैं। भारत को उन पर गर्व है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
यह भी पढ़ें:
जय मीणा ने एशियन गेम्स में बनाया नया रिकॉर्ड, सॉफ्ट टेनिस में भारत ने पहली बार जीता मेडल
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/india-tv-2026-09-23t121607-1790145881.jpg






