सैंटियागो में माहौल चुनौतीपूर्ण था, सामने मेजबान चिली की टीम थी और स्टेडियम में घरेलू दर्शकों का जबरदस्त समर्थन भी। लेकिन स्पेन ने दो दिन तक चले मुकाबले में किसी तरह की परेशानी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। डेविड फेरर की टीम ने चिली को 3-0 से हराकर डेविस कप के फाइनल-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही स्पेन लगातार तीसरे साल टूर्नामेंट के फाइनल 8 में पहुंच गया है। डेविस कप 2026 का लाइव एक्शन फैंस VETO OTT पर देख सकते हैं।
स्पेन के लिए मुकाबले की शुरुआत शनिवार को ही शानदार हो गई थी। टीम के युवा खिलाड़ियों राफेल जोदार और डेनियल मेरिडा ने अपने-अपने सिंगल्स मुकाबले जीतकर स्पेन को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी थी। इसके बाद रविवार को डबल्स मुकाबले में स्पेन को सिर्फ जीत पर मुहर लगाने की जरूरत थी।
पेड्रो और मुनार की जोड़ी ने किया कमाल
पेड्रो मार्टिनेज और जाउमे मुनार की जोड़ी ने यह काम बेहद आसानी से पूरा कर दिया। दोनों ने टॉमस बारियोस वेरा और एलेजांद्रो ताबिलो की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-0, 6-3 से मात दी। मुकाबला करीब एक घंटे में ही खत्म हो गया और स्पेन ने बिना कोई मैच गंवाए टाई अपने नाम कर लिया।
स्पेन के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि चिली के खिलाफ उसके सामने घरेलू परिस्थितियों की चुनौती थी। मेजबान टीम को दर्शकों का पूरा समर्थन हासिल था और उसके पास डेविस कप के फाइनल-8 में जगह बनाने का मौका था। इसके बावजूद स्पेन ने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और तीनों मैच जीतकर अपनी जगह तय कर ली।
अब स्पेन की नजर नवंबर में होने वाले डेविस कप फाइनल 8 पर है। इस टूर्नामेंट में दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज की वापसी पर भी नजर रहेगी। अल्काराज करीब दो साल से डेविस कप टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह नवंबर में बोलोग्ना में स्पेन के लिए कोर्ट पर उतरते हैं या नहीं।
जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन भी फाइनल 8 में
स्पेन से पहले जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन भी डेविस कप के फाइनल-8 में अपनी जगह पक्की की। जर्मनी को अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने क्रोएशिया के खिलाफ अहम जीत दिलाई। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी ज्वेरेव ने डिनो प्रिज्मिक को 6-2, 6-4 से हराकर जर्मनी को फाइनल 8 में पहुंचाया। वहीं, ग्रेट ब्रिटेन ने लंदन में इक्वाडोर को 3-0 से हराया। हेनरी पैटन और नील स्कुप्स्की ने डबल्स मुकाबला जीतकर ब्रिटेन की जीत पर मुहर लगाई। इससे पहले टोबी सैमुअल और आर्थर फेरी ने सिंगल्स मुकाबले जीतकर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई थी।
डेविस कप के फाइनल-8 का आयोजन 24 से 29 नवंबर तक इटली के बोलोग्ना में किया जाएगा। स्पेन, जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन के अलावा चेक रिपब्लिक, साउथ कोरिया, ऑस्ट्रिया, कनाडा और मौजूदा चैंपियन इटली ने भी फाइनल-8 में जगह बना ली है।
यह भी पढ़ें:
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/spain-1789924655.jpg








