50 लाख की घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए तहसीलदार साहब, दो किस्तों में मांगी थी 1 करोड़ की रिश्वत और 1 एकड़ जमीन

कर्नाटक में कथित रूप से अब तक का सबसे बड़ा घूसखोरी का मामला कहे जाने वाले ऑपरेशन में, लोकायुक्त अधिकारियों ने बीते बुधवार की देर शाम धारवाड़ के तहसीलदार को 50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जानें ये पूरा मामला क्या है।

33 एकड़ जमीन के मालिकाना हक में गड़बड़ी करने के बदले मांगी थी रिश्वत

लोकायुक्त के सूत्रों ने बताया कि तहसीलदार सच्चिदानंद ने धारवाड़ से 12 किलोमीटर दूर और पुणे-बेंगलुरु हाईवे से सटे येरिकोप्पा गांव में 33 एकड़ जमीन के मालिकाना हक के कागजात बदलने के लिए 50-50 लाख रुपये की दो किश्तों में कुल 1 करोड़ रुपये और 1 एकड़ जमीन की मांग की थी।

तहसीलदार को घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया

शिकायतकर्ता, जिसकी पहचान उजागर नहीं की गई है, ने लोकायुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई और उनके निर्देश पर आरोपी अधिकारी के KCD के पास 50 लाख रुपये की रिश्वत की रकम लेने के लिए कहा। बुधवार देर रात चलाए गए इस ऑपरेशन में, अधिकारियों ने तहसीलदार सच्चिदानंद कुचनूर को रात करीब 10 बजे धारवाड़ के कर्नाटक कॉलेज के सामने एक जमीन मालिक से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

तहसीलदार के विरुद्ध दर्ज हुआ करप्शन का मामला

लोकायुक्त अफसरों ने घूस की रकम सीज करने के साथ ही तहसीलदार के विरुद्ध भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया है। अब तहसीलदार की जमीन के दस्तावेजों, रिश्वत की कथित डिमांड और इस केस में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

असिस्टेंट इंजीनियर के घर मिलीं 20 KG चांदी की ईंटे

इससे पहले हाल ही में राजस्थान के भरतपुर में घूसखोर असिस्टेंट इंजीनियर के घर एसीबी ने छापा मारा था। तब असिस्टेंट इंजीनियर के घर से नोटों का अंबार और चांदी की ईंटें बरामद की गई थीं। ACB ने 43.38 लाख कैश और 20 किलोग्राम चांदी की ईंटें रिकवर की थीं। भुसावर पंचायत समिति में 30 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों अरेस्ट किया गया था। ACB डीजी गोविंद गुप्ता के मुताबिक, भरतपुर थाने को शिकायत मिली थी कि असिस्टेंट इंजीनियर, ठेकेदार से घूस की डिमांड कर रहा है। ठेकेदार का आरोप था कि बिल पास करने के बदले में असिस्टेंट इंजीनियर घूस मांग रहा था।

ये भी पढ़ें- रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया राजस्व अधिकारी, अपने अफसर के लिए भी मांगी थी घूस

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!