इंग्लैंड क्रिकेट में जोनाथन ट्रॉट को नई जिम्मेदारी मिली है। इंग्लैंड लायंस ने उन्हें टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। ट्रॉट अब आगामी सर्दियों में वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के दौरों पर टीम की कमान संभालेंगे। वह एंड्रयू फ्लिंटॉफ की जगह लेंगे, जिन्होंने अगस्त की शुरुआत में इस पद से इस्तीफा दे दिया था। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने 21 सितंबर को ट्रॉट की नियुक्ति की पुष्टि की। ट्रॉट इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ लायंस की दो T20 जीत में टीम की कमान संभाल चुके हैं। इन मुकाबलों के बाद उन्हें स्थायी रूप से यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
एंड्रयू फ्लिंटॉफ की जगह लेंगे जोनाथन
जोनाथन ट्रॉट ने इस साल फरवरी में T20 वर्ल्ड कप के बाद अफगानिस्तान के हेड कोच का पद छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने समर में अलग-अलग छोटी अवधि की जिम्मेदारियां निभाईं। इस दौरान वह आयरलैंड और ग्लेमॉर्गन के साथ भी काम कर चुके हैं। अब लायंस के साथ मिली यह जिम्मेदारी उनके कोचिंग करियर के लिए अहम मानी जा रही है। एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने अगस्त में लायंस के हेड कोच पद से हटने का फैसला किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के हेड कोच बनने का करार अंतिम रूप देने के कुछ समय बाद यह पद छोड़ा था।
ट्रॉट का लायंस से पुराना रिश्ता
ट्रॉट का लायंस टीम से रिश्ता नया नहीं है। बतौर खिलाड़ी वह इस टीम के लिए 22 मुकाबले खेल चुके हैं। 2009 में इंग्लैंड की टेस्ट टीम में पहली बार जगह बनाने से पहले लायंस के लिए उनके प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई थी। यही वजह है कि वह इस कार्यक्रम को युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए काफी अहम मानते हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने पर ट्रॉट ने कहा कि वह इस भूमिका को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि लायंस के लिए खेलना उनके अपने करियर में भी बेहद महत्वपूर्ण रहा था। ट्रॉट ने कहा कि लायंस के लिए खुद खेल चुका हूं, इसलिए जानता हूं कि खिलाड़ियों के विकास में यह अनुभव कितना उपयोगी हो सकता है। मैदान के अंदर और बाहर, दोनों स्तरों पर यह खिलाड़ियों को बेहतर बनाने में मदद करता है और उनके अपने सफर में भी इसकी अहम भूमिका रही है। वह खिलाड़ियों और स्टाफ के साथ काम करने, उनकी क्षमता को सामने लाने और उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार करने को लेकर बेहद उत्साहित है।
इंग्लैंड लायंस के सामने कई अहम दौरे
इंग्लैंड लायंस अक्टूबर में ट्रेनिंग कैंप के साथ अपने विंटर शेड्यूल की शुरुआत करेगा। इसके बाद टीम 28 अक्टूबर से 20 नवंबर तक वेस्टइंडीज, 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक साउथ अफ्रीका और अगले साल 18 फरवरी से 14 मार्च तक श्रीलंका का दौरा करेगी।
भारत बनाम जापान टी20 मुकाबला टीवी और मोबाइल पर कैसे देखें लाइव, अब सुबह बदलना पड़ेगा चैनल
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/jonathan-trott-1789999656.jpg








