आ गया ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर, आयुष्मान खुराना बने पाकिस्तानी जासूस ‘बिलाल’, जो गलती से बन बैठा भारत प्रेमी

आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ सारा अली खान लीड रोल में नजर आने वाली हैं। कुछ दिन पहले ही इस फिल्म से आयुष्मान खुराना का फर्स्ट लुक जारी किया गया था, जिसने अभिनेता के फैंस के बीच हलचल पैदा कर दी थी और अब मेकर्स ने इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है, जिसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जबरदस्त एनर्जी वाली स्पाई-कॉमेडी की झलक मिलती है। आयुष्मान खुराना स्टारर ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर ह्यूमर, एक्शन, उथल-पुथल और देशभक्ति से भरा है।

‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर रिलीज

आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। 2 मिनट 18 सेकेंड का ट्रेलर कॉमेडी, एक्शन और एडवेंचर से भरा है। इसमें आयुष्मान खुराना बिलाल नाम के पाकिस्तानी जासूस की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो जासूसी के लिए भारत आता है, लेकिन एक हादसे के बाद वो भारत देशप्रेमी बन जाता है। एक बम धमाके में उसकी याददाश्त चली जाती है और उसे लगने लगता है कि वो भारत के काउंटर-टेररिज्म स्क्वाड का हिस्सा है। वहीं सारा अली खान एक सीटीएस ऑफिसर के रोल में नजर आ रही हैं। इस फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन ने धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।

ट्रेलर को मिल रहा जबरदस्त रिएक्शन

‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शकों के भी इस पर रिएक्शन आना शुरू हो गया है। एक नई कहानी, ज़बरदस्त कॉमेडी और बेहतरीन कलाकारों की टोली को देखने के बाद दर्शक इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं। एक ने कमेंट में लिखा- ‘फाइनली… बहुत लंबे समय बाद एक नई फ्रेश फिल्म।’ एक लिखता है- ‘ऐसा लग रहा है हमजा जसकीरत बन गया है।’ एक और ने लिखा-  ‘आयुष्मान की नेचुरल कॉमिक टाइमिंग कमाल की है।’ वहीं एक और यूजर ने लिखा- ‘ट्रेलर रिलीज होने से पहले तक मुझे इस फिल्म से कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन अब बहुत ज्यादा बढ़ गई है।’

‘उड़ता तीर’ की कास्ट और रिलीज डेट

‘उड़ता तीर’ की कास्ट की बात करें तो इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, मुकुल देव, गुलशन ग्रोवर, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, सुदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे जैसे कलाकार अहम भूमिका में दिखाई देंगे। ये फिल्म 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

आयुष्मान खुराना का वर्क फ्रंट

काम की बात करें तो, आयुष्मान खुराना आखिरी बार सारा अली खान, वामिका गब्बी, रकुल प्रीत सिंह और विजय राज के साथ ‘पति पत्नी और वो 2’ में नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके अलावा वह इसी साल रिलीज होने जा रही एक और फिल्म में नजर आएंगे। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम ‘ये प्रेम मोल लिया’ है और यह 27 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ेंः ‘सैयारा’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद YRF का नया दांव, आयुष्मान खुराना संग ला रहे ‘मुपापा’, तय हुई रिलीज डेट

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!