त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है। कुछ ही दिनों में दुर्गा पूजा की शुरुआत होने वाली है। दुर्गा पूजा के खास मौके पर लोग व्रत रखते हैं और माता रानी को अलग अलग प्रसाद से भोग लगाते हैं। कोई फलों के प्रसाद का भोग लगाता है तो कोई मिठाई चढ़ाता है। ऐसे में आप भी माता रानी के इस त्योहार को और भी खास बना सकते हैं। इसके लिए आप माता रानी को रसगुल्ले का भोग लगा सकते हैं। बाजार में मिलने वाले रसगुल्ले में मिलावट होती है, ऐसे में आप घर पर आसानी से स्पंजी रसगुल्ले तैयार कर सकते हैं। यहां हम स्पंजी रसगुल्ले की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- दूध: 1 लीटर (फुल क्रीम या गाय का दूध)
- नींबू का रस / सिरका: 2 बड़े चम्मच (2 चम्मच पानी में मिला हुआ)
- चीनी: 1.5 कप (लगभग 300 ग्राम)
- पानी: 4-5 कप
- कॉर्नफ्लोर या मैदा: 1 छोटा चम्मच
- इलायची पाउडर या केवड़ा जल: 1/2 छोटा चम्मच
बनाने का तरीका
छेना तैयार करें
सबसे पहले दूध को भारी तले वाले बर्तन में उबालें। उबाल आने पर गैस बंद कर दें और 2 मिनट ठंडा होने दें। अब इसमें धीरे-धीरे नींबू का रस या सिरके वाला पानी डालते हुए हल्के हाथों से चलाएं। दूध और पानी पूरी तरह अलग जाएगा। अब एक पतले सूती या मलमल के कपड़े से छेने को छान लें और ऊपर से ठंडा पानी डालें ताकि सिरके या नींबू का खट्टापन निकल जाए। कपड़ा कसकर दबाकर इसका एक्सट्रा पानी निकाल लें और इसे 30 मिनट के लिए रख दें।
छेना को मथे
छेने को एक बड़ी परात में निकालें। अब अपनी हथेली के निचले हिस्से से छेने को 8-10 मिनट तक तब तक मसलें, जब तक वह बिल्कुल चिकना और मावे जैसा न हो जाए। इसमें 1 छोटा चम्मच कॉर्नफ्लोर मिलाएं। फिर इसकी छोटी-छोटी बॉल्स बना लें। ध्यान रखें कि गोलियों में कोई दरार न हो।
चाशनी बनाएं और रसगुल्ले पकाएं
एक बड़े और चौड़े भगोने या कुकर में 1.5 कप चीनी और 4-5 कप पानी डालकर उबालें। जब चाशनी में तेज उबाल आने लगे, तो एक-एक करके छेने की गोलियां उबलते पानी में डालें।
पकाने की टाइमिंग
बर्तन को ढक दें और तेज आंच पर 15 मिनट तक पकने दें। बीच में एक-दो बार ढक्कन हटाकर देखें। रसगुल्ले अपने आकार से दोगुने हो जाएंगे। 15 मिनट बाद गैस बंद कर दें और थोड़ा केवड़ा वॉटर या इलायची पाउडर डालें।









