बेबी पिंक ड्रेस में इदा अली, ब्लैक शेरवानी में कृष्ण अग्रवाल, इम्तियाज अली ने दिखाई बेटी की सगाई की पहली झलक

बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली के घर इन दिनों खुशियों का माहौल है। उनकी बेटी और फिल्ममेकर इदा अली ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे कृष्ण अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है। इस खास मौके की एक झलक खुद इम्तियाज अली ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। तस्वीर में इदा और कृष्ण एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते हुए नजर आ रहे हैं। इम्तियाज ने इस खूबसूरत पल को शेयर करते हुए दोनों के लिए फैंस और चाहने वालों से आशीर्वाद भी मांगा है। सगाई की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कपल को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

इम्तियाज ने शेयर की सगाई की तस्वीर

इम्तियाज अली ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटी इदा की सगाई की तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर में इदा बेहद खूबसूरत बेबी पिंक रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं, जबकि कृष्ण ब्लैक शेरवानी में दिखाई दे रहे हैं। दोनों के चेहरे पर इस खास मौके की खुशी साफ नजर आ रही है। तस्वीर में कपल एक-दूसरे को अंगूठी पहनाता दिखाई दे रहा है। इस तस्वीर के साथ इम्तियाज ने लिखा, ‘नवविवाहित कृष्ण और इदा के लिए आपका आशीर्वाद चाहता हूं।’ फिल्ममेकर की इस पोस्ट के बाद इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और फैंस ने कमेंट सेक्शन में कपल को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

imtiaz ali

Image Source : IMTIAZ ALI INSTAGRAMइम्तिजाय अली ने दिखाई झलक।

जुलाई में सामने आया था प्रपोजल का वीडियो

इदा अली ने इससे पहले 12 जुलाई को सोशल मीडिया पर कृष्ण के प्रपोज करने का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उनके रिश्ते के इस खास पड़ाव की झलक देखने को मिली थी। साथ ही इदा ने अपनी एंगेजमेंट रिंग भी दिखाई थी। उस वक्त से ही दोनों की शादी और सगाई को लेकर फैंस की दिलचस्पी बढ़ गई थी। इम्तियाज अली ने भी बेटी की सगाई को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने एक बातचीत के दौरान कहा था कि यह उनके लिए “सबसे बड़ी खुशी” है। फिल्ममेकर ने यह भी बताया था कि कृष्ण ने इदा को प्रपोज करने से पहले उनसे बातचीत की थी। पिता के तौर पर इम्तियाज के लिए यह पल जाहिर तौर पर बेहद खास रहा।

कौन हैं कृष्ण अग्रवाल?

इदा अली के मंगेतर कृष्ण अग्रवाल 24 साल के हैं और एक हेज फंड में क्वांटिटेटिव रिसर्चर के तौर पर काम करते हैं। इदा और कृष्ण लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को घूमने-फिरने का भी शौक बताया जाता है। हालांकि, कपल ने अभी तक अपनी शादी की तारीख या इससे जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

फिल्ममेकिंग में करियर बना रही हैं इदा

इम्तियाज अली की बेटी इदा ने अपने पिता की तरह फिल्ममेकिंग की दुनिया को ही करियर के तौर पर चुना है। उन्हें बचपन से ही कहानी कहने और फिल्में बनाने में दिलचस्पी रही है। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म ‘लिफ्ट’ का निर्देशन किया था। इसके बाद इदा ने अमेरिका की चैपमैन यूनिवर्सिटी के डॉज कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया आर्ट्स से फिल्ममेकिंग की पढ़ाई की। वह लेखक और निर्देशक के तौर पर कई प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं। उन्होंने ‘माया’ और ‘उलझे हुए’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। ‘उलझे हुए’ की कहानी उन्होंने अमेजन मिनीटीवी के लिए लिखी थी। इदा ने अपनी दोस्त करीमा बैरी के साथ भी कई शॉर्ट फिल्मों पर काम किया है। 2026 में दोनों ‘ऑन अ व्हिम’ और ‘गुल’ जैसे शॉर्ट प्रोजेक्ट्स को लेकर साथ आईं। दोनों एक हिंदी फिल्मों पर आधारित पॉडकास्ट भी चलाती हैं और उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘ब्लू कर्टेन फिल्म्स’ भी शुरू की है।

इम्तियाज की हालिया फिल्म ने की अच्छी कमाई

बेटी की सगाई के बीच इम्तियाज अली अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी हालिया फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में वेदांग रैना, शरवरी, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसकी कमाई में सुधार देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 70 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 99 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिलहाल इम्तियाज ने अपनी अगली फिल्म के नाम की घोषणा नहीं की है। हालांकि, एक इंटरव्यू में उन्होंने संकेत दिया था कि वह अपनी अगली फिल्म को दर्शकों के लिए एक तरह का ‘रिटर्न गिफ्ट’ बनाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पास कुछ अच्छे आइडिया हैं, लेकिन अगली फिल्म को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।

ये भी पढ़ें: रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी संग गोविंदा ने किए लालबागचा राजा के दर्शन, कुछ देर पहले सुनीता भी अकेले पहुंची थींं पंडाल

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!