टाटा संस का अगला चेयरमैन कौन होगा? रेस में NSE के MD और CEO आशीष चौहान भी शामिल

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज कर दी है। टाटा संस के चेयरमैन पद की रेस में देश के तीन प्रमुख कॉरपोरेट दिग्गजों- टाटा स्टील के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) टी. वी. नरेंद्रन, टाटा संस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और ग्रुप सीएफओ सौरभ अग्रवाल और एनएसई के एमडी और सीईओ आशीष चौहान के नाम उभरकर सामने आए हैं।

आंतरिक उम्मीदवारों में टी. वी. नरेंद्रन सबसे आगे

सूत्रों के अनुसार, आंतरिक उम्मीदवारों में टी. वी. नरेंद्रन सबसे आगे चल रहे हैं, वहीं सौरभ अग्रवाल भी अपने निवेश बैंकिंग और पूंजी आवंटन अनुभव के साथ दौड़ में बने हुए हैं। दूसरी ओर, भारत के कैपिटल मार्केट के दिग्गज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के संस्थापक अधिकारियों में से एक आशीष चौहान इस दौड़ में अप्रत्याशित दावेदार साबित हो सकते हैं। 

टॉप सरकारी नेतृत्व को बता दिए गए हैं छांटे गए उम्मीदवारों के नाम

चयन प्रक्रिया अभी जारी है और कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। अगला चेयरमैन चुनने में टाटा संस के बोर्ड और होल्डिंग कंपनी को कंट्रोल करने वाले ट्रस्टों की अहम भूमिका रहने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने छांटे गए उम्मीदवारों के नाम टॉप सरकारी नेतृत्व को बता दिए हैं और नामों पर गहन विचार-विमर्श के बाद फैसला होने की संभावना है। 

चंद्रशेखरन ने 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का संभाला था पद

टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस ने इस बारे में टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया। एन. चंद्रशेखरन, जिन्होंने 2017 में टाटा संस के चेयरमैन का पद संभाला था और वर्तमान में अपना दूसरा 5 साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं, उन्होंने पिछले महीने घोषणा की थी कि 20 फरवरी 2027 को कार्यकाल समाप्त होने पर वे दोबारा र्नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। हालांकि, उत्तराधिकारी खोजने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी छांटे गए नाम की पुष्टि नहीं की गई है। 

अन्य नामों में नोएल टाटा का नाम भी शामिल

सामने आए अन्य नामों में खुद नोएल टाटा भी शामिल हैं, जो समिति द्वारा समय पर प्रक्रिया पूरी न कर पाने की स्थिति में अंतरिम चेयरमैन के रूप में काम कर सकते हैं। इनके अलावा टाटा संस की ग्रुप मुख्य डिजिटल अधिकारी आरती सुब्रमण्यन, टाटा मोटर्स के सीईओ शैलेश चंद्र और टाटा पावर के सीईओ प्रवीर सिन्हा के नाम भी चर्चा में आए हैं। 

टाटा स्टील के भीतर ही रहा है नरेंद्रन का अनुभव

सूत्रों के अनुसार आशीष चौहान एक चौंकाने वाली पसंद हो सकते हैं। नरेंद्रन अपने साथ टाटा का लंबा अनुभव लाते हैं और शीर्ष पद के लिए स्वाभाविक आंतरिक दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन उनका करियर लगभग पूरी तरह से टाटा स्टील के भीतर रहा है और होल्डिंग-कंपनी लेवल और पूंजी आवंटन में उनका अनुभव अपेक्षाकृत कम है। 

आशीष चौहान के प्रोफाइल में दम

दूसरी ओर, आशीष चौहान का प्रोफाइल बिल्कुल अलग है। एनएसई प्रमुख के पास टेक्नोलॉजी, कैपिटल मार्केट, फाइनेंशियल सर्विस और संस्था निर्माण का गहरा अनुभव है। वे 1990 के दशक में एनएसई की स्थापना में मदद करने वाले अधिकारियों में शामिल थे और बाद में 2022 में एनएसई प्रमुख के रूप में लौटने से पहले उन्होंने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के एमडी और सीईओ के रूप में काम किया। आईआईटी मुंबई से ग्रेजुएट और आईआईएम कलकत्ता से पोस्ट ग्रेजुएट मैनेजमेंट की डिग्री रखने वाले चौहान ने रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईडीबीआई बैंक में भी काम किया है। 

PTI Inputs

ये भी पढ़ें

कैसे बर्बाद हुआ जेट एयरवेज, फाउंडर नरेश गोयल ने इन हालातों को बताया जिम्मेदार



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/ashish-pti-1788599426.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!