अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में देर रात सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं खेला गया, बल्कि एक युग का अंत हुआ। 85 हजार दर्शकों से खचाखच भरे मॉन्यूमेंटल स्टेडियम में लियोनेल मेसी जब आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में मैदान पर उतरे तो माहौल भावुक हो गया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की आंखों में आंसू थे, स्टैंड्स में शोर था और हर तरफ सिर्फ मेसी का ही नाम गूंज रहा था। अर्जेंटीना ने बेनिन को 3-0 से हराकर अपने महान नंबर-10 को शानदार विदाई दी। 39 साल के मेसी ने अपने आखिरी इंटरनेशनल मुकाबले में गोल किया। यह उनके इंटरनेशनल करियर का 126वां गोल था। साथ ही दो गोल में अहम भूमिका निभाई।
फेयरवेल मैच से पहले इमोशनल हुए मेसी
मैच से पहले ही मेसी भावुक नजर आए। अर्जेंटीना की टीम बस जब समर्थकों की भीड़ के बीच स्टेडियम की ओर बढ़ रही थी, तब मेसी अपनी आंखों से आंसू पोंछते दिखाई दिए। स्टेडियम पहुंचने के बाद भी उनकी भावनाएं छिप नहीं सकीं। किक-ऑफ से कुछ देर पहले वह एक बार फिर भावुक हो गए।
मैदान पर मेसी अपने तीन बच्चों के साथ पहुंचे। उनकी पत्नी एंटोनेला रोकुज्जो और मां VIP बॉक्स से उन्हें देख रही थीं। मैदान के बीच अर्जेंटीना की एक विशाल जर्सी बिछाई गई, जिस पर मेसी के मशहूर नंबर-10 के ऊपर स्पेनिश में ग्रेसियस यानी धन्यवाद लिखा था। 85 हजार दर्शकों ने तालियों और नारों के साथ अपने हीरो का स्वागत किया।
मेसी ने पेनल्टी से दागा गोल
मैच के 10वें मिनट में पूरा स्टेडियम कुछ पल के लिए मेसी के सम्मान में थम गया। इस दौरान दर्शकों ने खड़े होकर उन्हें लंबी तालियों के साथ सलामी दी। बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन के पूर्व स्टार ने भी इस पल को बेहद करीब से महसूस किया। मैच में मेसी ने अपना असर दिखाने में ज्यादा वक्त नहीं लिया। उन्होंने निकोलस ओटामेंडी के लिए शुरुआती गोल का रास्ता बनाया। इसके बाद निको पाज ने अर्जेंटीना की बढ़त को मजबूत किया। दूसरे हाफ में 71वें मिनट पर मेसी खुद पेनल्टी लेने पहुंचे और गेंद को गोल में डालकर अपनी विदाई को यादगार बना दिया।
फाइनल सीटी बजते ही विदाई समारोह का रंग और गहरा हो गया। स्टेडियम के ऊपर आतिशबाजी हुई तो आसमान में ड्रोन के जरिए मेसी की तस्वीर और उनकी 10 नंबर की जर्सी नजर आई। यही नहीं, रोसारियो में हेलीकॉप्टर के जरिए मेसी की विशाल जर्सी भी हवा में लहराती नजर आई। अर्जेंटीना के अलग-अलग हिस्सों में भी फैंस इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।
यह भी पढ़ें:
कोलकाता में थापा का ऐतिहासिक गोल, उरुग्वे ने 6 गोल दागकर भारतीय टीम को दी करारी शिकस्त
IOC ने किया कंफर्म, 2036 ओलंपिक मेजबानी की रेस में भारत, 7 देशों ने दिखाई दिलचस्पी
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/messi-1791348293.jpg








