‘सही नेता, सही समय, सही जगह’, PM मोदी के 25 साल के सफर पर नायडू समेत NDA नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर एनडीए के कई नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। एनडीए के अहम घटक दल टीडीपी के नेता और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारत भाग्यशाली है कि उसे “सही नेता, सही समय और सही जगह” मिला। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

निरंतर समर्पण सभी के लिए प्रेरणा

वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री के 25 साल के सफर को “राष्ट्र सेवा का अटूट संकल्प” बताया। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रधानमंत्री का निरंतर समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है।

सुशासन और जनकल्याण

एनडीए के अहम घटक दल जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से भी पीएम मोदी को बधाई दी गई है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने प्रधानमंत्री मोदी को शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा  राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है।

संजय झा ने अपने संदेश में कोरोना महामारी, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और तकनीकी बदलावों का जिक्र करते हुए मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत स्थिरता के साथ आगे बढ़ा है। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के निर्माण की प्रधानमंत्री की यात्रा के निरंतर जारी रहने की कामना की।

‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन’

पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को ‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन’ के भाव से जुड़ा बताया। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की यात्रा के लिए मोदी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी के ‘सुशासन’ और ‘सेवा संकल्प’ के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा के प्रति उनके समर्पण को नमन है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर अपनी कार्यकारी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने और अब शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे कर चुके हैं।

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

ये भी पढ़ें:


‘आलोचकों ने मुझे अपने भीतर झांकना सिखाया’, सेवा ज्योति कार्यक्रम में बोले PM मोदी; कहा- ‘हर संकट मेरे धैर्य की परीक्षा’

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!