सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने वाले टीवी एक्टर्स और कंटेंट क्रिएटर्स में भारत की सबसे मशहूर बॉक्सर्स में से एक मैरी कॉम भी शामिल हैं। उन्हें सपोर्ट करने के लिए बॉलीवुड एक्टर प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें चीयर करते हुए एक स्पेशल मैसेज भेजा। सबसे पहले देसी गर्ल का यह वीडियो बिग बॉस सीजन 20 के ग्रैंड प्रीमियर पर टीवी पर दिखाया गया था। उसके बाद मेकर्स ने सोशल मीडिया पर प्रियंका का यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह मैरी कॉम का सपोर्ट करती दिख रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा ने मैरी कॉम का बढ़ाया हौसला
मैरी कॉम के बिग बॉस हाउस में अंदर जाने से पहले होस्ट सलमान खान ने बताया कि उनके एक शुभचिंतक ने उनके लिए एक स्पेशल मैसेज भेजा था। फिर प्रियंका का एक वीडियो मैसेज चलाया गया, जिसमें उन्होंने कहा, ‘मैं आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देती हूं। आप बिग बॉस हाउस के अंदर जा रही हैं और मैं यह खुद जानती हूं कि आप कितनी मजबूत और पक्की हैं।’
प्रियंका चोपड़ा की कंटेस्टेंट्स को चेतावनी
प्रियंका चोपड़ा ने आगे कहा, ‘बाकी घरवालों के लिए एक छोटी सी चेतावनी, मैरी के सामने अगर बने रहना है तो लंबी दौड़ के लिए तैयार हो जाइए। इनका नॉकआउट न बहुत भारी पड़ता है। मैरी, बस आप जैसी हैं वैसे रहिए, खुले दिल से खेलिए। मैं तुम्हारी जर्नी का बहुत इंतजार कर रही हूं। बहुत सारा प्यार, मैं हमेशा तुम्हारे लिए दुआ करती हूं।’
मैरी कॉम की बायोपिक को मिला था नेशनल अवॉर्ड
प्रियंका ने भारतीय बॉक्सर मैरी कॉम की बायोपिक में मैरी कॉम का किरदार निभाया। उमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और दर्शन कुमार मुख्य भूमिकाओं में थे। इसमें सुनील थापा ने भी अहम भूमिका में थे। 2014 में रिलीज हुई इस फिल्म को अच्छे रिव्यू मिले और इसने उस समय किसी महिला-प्रधान भारतीय फिल्म के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड कमाई का रिकॉर्ड बनाया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और इसने ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट’का नेशनल अवॉर्ड भी जीता।
मैरी कॉम और काजी तौकीर में हुई अनबन
‘बिग बॉस 20’ के प्रीमियर पर मैरी ने सलमान खान से अपने बच्चों को भी मिलवाया। होस्ट के साथ उनके बेटों की मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। भारतीय बॉक्सर ने भी ज्यादा समय बर्बाद नहीं किया और पहले ही दिन बिस्तर को लेकर सिंगर काजी तौकीर के साथ उनकी बहस हो गई।
ये भी पढ़ें – बिग बॉस 20 के 16 कंटेस्टेंट्स, सलमान खान के शो में मैरी कॉम से लेकर माही विज तक की हुई एंट्री, देखें लिस्ट








