Highlights
- BookMyShow पर पीएम मोदी के कार्यक्रम की सभी सीटें एक घंटे में बुक हो गईं।
- 42 हजार से ज्यादा लोगों को सीटें फुल होने के बाद वेटिंग लिस्ट में रखा गया।
- वडोदरा में 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की WDFC परियोजनाएं शुरू होंगी।
वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में होने वाले कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। कार्यक्रम के लिए BookMyShow पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद 42 हजार से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए रजिस्ट्रेशन और एंट्री व्यवस्था को बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
एक घंटे में बुक हो गईं सभी सीटें
वडोदरा नगर निगम (VMC) ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में आम लोगों के लिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन की सुविधा BookMyShow के जरिए शुरू की थी। रजिस्ट्रेशन खुलते ही लोगों ने बड़ी संख्या में आवेदन किया और करीब एक घंटे में कार्यक्रम की सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं। सीटों की क्षमता पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए गए। इसके बाद 42 हजार से ज्यादा अतिरिक्त लोगों को वेटिंग लिस्ट में डाल दिया गया। सरकार के मुताबिक, इतने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने की यह अपने तरह की पहली पहल है।
कैसे होगी कार्यक्रम स्थल पर एंट्री?
कार्यक्रम में डिजिटल व्यवस्था केवल रजिस्ट्रेशन तक सीमित नहीं रहेगी। सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को उनके BookMyShow अकाउंट के जरिए डिजिटल M-Ticket मिलेगा। इस टिकट में एक सुरक्षित और लाइव QR कोड होगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के समय इस QR कोड को स्कैन कर टिकट की जांच की जाएगी। इसके जरिए अधिकारियों को भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यानी रजिस्ट्रेशन, पहचान की जांच, कार्यक्रम स्थल पर एंट्री और सीटों के प्रबंधन को एक ही डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। कार्यक्रम का सबसे बड़ा हिस्सा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन सेक्शन के कमीशनिंग से जुड़ा है। इन तीनों सेक्शन की कुल लंबाई 326 रूट किलोमीटर है और इन्हें विकसित करने में 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आई है। इनमें सानंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT सेक्शन शामिल हैं।
4 जगहों से फ्रेट ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी न्यू सानंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू JNPT से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। नई रेल सुविधाओं से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर माल ढुलाई को गति मिलने की उम्मीद है। इससे प्रमुख औद्योगिक इलाकों को बंदरगाहों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई पैसेंजर ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे वडोदरा के साथ-साथ छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
3 रेल परियोजनाओं की रखी जाएगी नींव
वडोदरा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 3 बड़ी रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 329 किलोमीटर है और इन पर 9700 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है।
इनमें प्रमुख रूप से:
- वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन का निर्माण।
- मियागाम करजन-चोरंदा-मलसर गेज कन्वर्जन परियोजना।
- विश्वामित्री-दाभोई रेलवे लाइन का दोहरीकरण।
इन परियोजनाओं से गुजरात में रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और अलग-अलग क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
3 नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट की भी आधारशिला
प्रधानमंत्री तीन नेशनल हाईवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनकी कुल अनुमानित लागत करीब 1780 करोड़ रुपये है। इसके अलावा गुजरात सरकार की कई विकास परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 2600 करोड़ रुपये बताई गई है। इस तरह वडोदरा में होने वाला प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम सिर्फ एक सार्वजनिक सभा तक सीमित नहीं है। इसमें रेल, फ्रेट कॉरिडोर, हाईवे और राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं से जुड़े कई बड़े काम शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: PM मोदी का करिश्मा फिर चर्चा में, लेकिन यूपी की जमीन पर कितना असर? Coffee Par Kurukshetra में देखें पूरी चर्चा
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/narendra-modi-2-1788844567.jpg









