‘पंचायत 5′ में दिखेगा नया फुलेरा, रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट, प्रधान जी और सचिव की जिंदगी लेगी नई करवट

ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी वेब सीरीज ‘पंचायत’ का अगला सीजन एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। पिछले करीब छह वर्षों में फुलेरा गांव की कहानी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। सीरीज के अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। यही वजह है कि ‘पंचायत 5’ का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। अब इसके नए सीजन की रिलीज को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है, जिससे फैंस को कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

पंचायत 5 कब होगी रिलीज?

पिछले काफी समय से ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि जितेंद्र कुमार स्टारर इस सीरीज का पांचवां सीजन जून या जुलाई के दौरान दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। हालांकि इन महीनों में सीरीज रिलीज नहीं हुई। अब इसके निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने खुद सीजन 5 की रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। हाल ही में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में निर्देशक ने बताया कि फिलहाल सीरीज के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है और एडिटिंग पूरी होने की प्रक्रिया में है। उन्होंने साफ किया कि अभी मेकर्स ने रिलीज की निश्चित तारीख तय नहीं की है। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि ‘पंचायत 5’ अक्टूबर या नवंबर 2026 के आसपास दर्शकों के बीच पहुंच सकती है। यानी फैंस को नए सीजन के लिए अब ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

चुनाव के बाद बदल जाएगी फुलेरा की कहानी

‘पंचायत’ की कहानी हमेशा से गांव की रोजमर्रा की जिंदगी, राजनीति और रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। नए सीजन में भी कहानी पिछले घटनाक्रम से आगे बढ़ेगी। निर्देशक के मुताबिक चौथे सीजन में दिखाए गए पंचायत चुनाव अब खत्म हो चुके हैं और प्रधान जी को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पांचवें सीजन में इसी हार के बाद उनकी जिंदगी किस दिशा में जाती है, यह कहानी का अहम हिस्सा होगा। इसके साथ ही फुलेरा गांव के दूसरे प्रमुख किरदारों की जिंदगी में आने वाले बदलावों को भी विस्तार से दिखाया जाएगा। चुनाव के बाद प्रधान जी की स्थिति क्या होती है, वह गांव में किस तरह रहते हैं और उनके सामने कौन-कौन सी नई परिस्थितियां आती हैं, इन सवालों के जवाब अगले सीजन में देखने को मिल सकते हैं। इससे साफ है कि कहानी केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उसके बाद के असर को भी दिखाएगी।

प्राइम वीडियो पर ही आएगा नया सीजन

‘पंचायत’ की शुरुआत साल 2020 में पर हुई थी। पहले सीजन से ही यह सीरीज दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गई थी। जितेंद्र कुमार के अलावा रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, फैसल मलिक, चंदन रॉय और संविका जैसे कलाकारों के किरदार भी काफी पसंद किए गए हैं। अब पांचवां सीजन भी प्राइम वीडियो पर ही स्ट्रीम किया जाएगा। हालांकि आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान अभी बाकी है, लेकिन अक्टूबर-नवंबर की संभावित टाइमलाइन सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। फुलेरा के किरदारों की नई कहानी देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड समरीन के बर्थडे पर रोमांटिक हुए अर्शदीप सिंह, खुलम खुला लुटाया ‘जान’ पर प्यार, बोले- मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!