अमीषा पटेल की मां के घर हुई चोरी, गायब हुए हीरे जड़े सोने के कंगन, नौकरानी गिरफ्तार

बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल के माता-पिता के घर में चोरी का मामला सामने आया है। दरअसल, कुछ महीने पहले अभिनेत्री के माता-पिता के घर से हीरे जड़े सोने के कंगन गायब होने की सूचना पुलिस को मिली थी। अब मुंबई की मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभिनेत्री अमीषा पटेल के माता-पिता के चर्चगेट स्थित फ्लैट से 5 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने चोरी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान पालघर निवासी 40 वर्षीय सीमा घाटे के तौर पर हुई है। महिला को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने महिला को 15 सितंबर तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

पुलिस ने हाउस हेल्प को किया गिरफ्तार

आरोपी की पहचान पालघर निवासी सीमा घाटे के रूप में हुई है,वह कथित तौर पर करीब डेढ़ साल से अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। पुलिस ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सीमा घाटे, अमीषा पटेल के माता-पिता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी और अभिनेत्री की मां आशा पटेल द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जांच की और घाटे को हिरासत में ले लिया।

9 महीने पहले हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक कंगन कथित तौर पर जनवरी 2026 में घर से चोरी हुआ था। घर से गहने गायब होने के बाद आशा पटेल ने कथित तौर पर अपनी हाउस हेल्प सीमा घाटे पर शक जताया था। आशा पिछले पांच-छह महीनों से अपनी हाउस हेल्प से चोरी कबूल करने और गहने लौटाने के लिए कह रही थीं, हालांकि घाटे ने कथित तौर पर कंगन वापस नहीं किया, जिसके बाद आशा पटेल ने मरीन ड्राइव पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।

हाउस हेल्प पर चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज

शिकायत के आधार पर मरीन ड्राइव पुलिस ने BNS की धारा 306 के तहत मामला दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामला शुरू में एक अज्ञात महिला के खिलाफ दर्ज किया गया था,वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के मार्गदर्शन में क्राइम डिटेक्शन टीम ने जांच की और घाटे को विरार में ट्रेस किया। आरोपी को बाद में हिरासत में लिया गया और अदालत में पेश किया गया,उसे 15 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस चोरी हुए गहने की बरामदगी की जांच कर रही है और यह भी देख रही है कि क्या घाटे का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है। कंगन अभी बरामद होना बाकी है।

अमीषा पटेल का वर्क फ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो आखिरी बार वह 2023 में रिलीज हुई  ‘गदर 2’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ सनी देओल और उत्कर्ष शर्मा लीड रोल में थे। अमीषा ने कुछ महीने पहले ही इस ओर इशारा किया था कि ‘गदर 3’ पर काम चल रहा है और वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर आइकॉनिक रोल ‘सकीना’ को जीवंत करती नजर आएंगी। वहीं हाल ही में अमीषा एक वीडियो को लेकर भी चर्चा में रहीं, जिसमें वह स्टार क्रिकेटर हार्दिक पांड्या के साथ नजर आई थीं। इस वीडियो के बाद कुछ सोशल मीडिया दोनों का नाम जोड़ने लगे, जिस पर अभिनेत्री ने नाराजगी जाहिर की थी।

ये भी पढ़ेंः अमीषा पटेल को याद आ गए डेब्यू फिल्म के दिन, ऋतिक रोशन संग शेयर की पुरानी तस्वीर

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!