सांप काटने से दो मासूम भाई-बहन की हुई मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। 9 वर्षीय काव्या और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई नक्ष की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना से पूरे गांव और आस-पास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात दोनों बच्चे खाना खाने के बाद घर में खेल रहे थे। रात करीब 9:30 बजे दोनों अपने कमरे में सोने चले गए। तड़के करीब 2:30 बजे काव्या की नींद खुली और उसने परिजनों को पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। कुछ देर बाद उसके छोटे भाई नक्ष ने भी पेट में अत्यधिक दर्द होने की बात कही।

घर के मेन गेट के पास दिखा बड़ा काला सांप

दोनों बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें संभालने लगे। इसी दौरान घर के मुख्य दरवाजे के पास एक बड़ा काला सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर परिजनों को बच्चों के सर्पदंश का अंदेशा हुआ। इसके बाद दोनों बच्चों को तत्काल उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक रेफर कर दिया। हालांकि, नेरचौक पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।

12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे नेरचौक मेडिकल कॉलेज से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। चिकित्सकीय जांच में मौत का कारण शरीर में सर्प विष का फैलना बताया गया है। आवश्यक विसरा और अन्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बीते दिनों उत्तर प्रदेश से एक खबर आई थी, जहां जहरीले सांप ने बेड पर सो रहे मां-बेटे को डस लिया। इस घटना में बेटे की मौत हो गई।

(रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)

ये भी पढ़ें-

मुंबई के ट्रैफिक जाम में फंसे नितिन गडकरी, बोले- “इसके लिए मैं जिम्मेदार हूं”

पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, पहले मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी; CCTV में कैद वारदात

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!