सोने और चांदी की कीमतों में अगले हफ्ते भी उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों पर फैसला, कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव, अमेरिकी डॉलर की चाल और अमेरिका-ईरान संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम सोने और चांदी की कीमतों को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक होंगे।
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी के फैसलों पर टिकी सोने-चांदी की कीमतें
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की 15 और 16 सितंबर को होने वाली अहम मीटिंग ग्लोबल बुलियन मार्केट के लिए अगले हफ्ते की सबसे महत्वपूर्ण घटना होगी। फेड के फैसले और उसकी टिप्पणी से सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय हो सकती है। बताते चलें कि गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को कमोडिटी मार्केट सुबह के सेशन में बंद रहेंगे।
कच्चे तेल की कीमतों का भी दिखेगा गहरा असर
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोना अमेरिकी फेड की टिप्पणियों, कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिकी डॉलर, महंगाई की उम्मीदों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति संवेदनशील बना रहेगा। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में कोई नरमी या अमेरिकी फेडरल रिजर्व का कम आक्रामक रुख सोने में सुधार का समर्थन कर सकता है, जबकि कच्चे तेल में फिर से मजबूती या आक्रामक नीति संकेत से नई बिकवाली शुरू हो सकती है।
MCX पर मामूली तेजी के साथ बंद हुआ सोना
घरेलू बाजार में पिछले हफ्ते मिश्रित रुझान देखा गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी के सोने का वायदा भाव 17 रुपये बढ़कर 1,52,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए। जबकि, चांदी 2,684 रुपये यानी 1.13 प्रतिशत गिरावट के साथ 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
COMEX पर भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे सोना और चांदी
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार काफी दबाव में रहा, जहां COMEX पर दिसंबर की डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 1.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,408.9 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ और चांदी 2.34 प्रतिशत गिरकर 65.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
सोने के वायदा भाव में 1.5 प्रतिशत की गिरावट
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी और करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा कि पिछले हफ्ते सोने के वायदा भाव में उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन कुल मिलाकर इसमें बिकवाली का दबाव बना रहा और सप्ताह के अंत में भाव 1.5 प्रतिशत नीचे आ गया। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में हालांकि रुपये में तेज गिरावट के कारण सोने की कीमतों में गिरावट सीमित रही।
ये भी पढ़ें
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/gold-pixabay-9-1789308626.jpg










