नई दिल्ली/अगरतला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अगरतला में महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर बिप्लब कुमार देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समर्पण के पर्व के रूप में मना रहे हैं। रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी दाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना का उदाहरण है।
बिप्लब देब ने की पीएम मोदी की तारीफ
बिप्लब देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास और प्रगति के नए दौर से गुजर रहा है। देश की अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसरों के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
रक्त दान करने का प्रमाण पत्र लेते बिप्लब देब
देब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास को जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को आगे बढ़ाया है। आज देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से मजबूत हो रहा है।
यहां देखें वीडियो
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी किया रक्तदान
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित सेवा गतिविधियां केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ेंः राजनाथ सिंह और CM योगी ने PM मोदी के जन्मदिन पर भंडारे में बांटा प्रसाद, वाराणसी के मंदिर में पूजा भी की








