शरीर में विटामिन और मिनरल की कमी होना आजकल सामान्य बात है। इसके लिए डॉक्टर पहले टेस्ट करते हैं और फिर जरूरी सप्लीमेंट खाने की सलाह देते हैं। हालांकि कुछ लोग बिना डॉक्टर की सलाह के भी विटामिन और मिनरल के सप्लीमेंट लेने लगते हैं। लेकिन सही समय और सही तरीके से विटामिन-मिनरल्स न लेने से शरीर को उनका फायदा बेहतर तरीके से नहीं मिल पाता है। ऐसे में डॉक्टर गौरव खटाना, एमजी डीएम गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और हेपेटोलॉजिस्ट (ISIC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, नई दिल्ली)ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में विटामिन-मिनरल लेने का सामान्य तरीका बताया है जिससे आपको इन सप्लीमेंट्स को कब और कैसे लेना चाहिए इसका पता चलता है। हालांकि अलग-अलग लोगों में विटामिन और मिनरल की जरूरत और डोज अलग हो सकती है। इसलिए सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
विटामिन और मिनरल के सप्लीमेंट कब और कैसे लेने चाहिए?
विटामिन बी12 कैस लें- विटामिन बी12 को खाने के साथ या बिना खाने के लिया जा सकता है। इसे दिन में किसी भी समय लिया जा सकता है। सही समय से ज्यादा जरूरी है कि आप इसे नियमित रूप से लें। आप डॉक्टर की सलाह से टैबलेट, जीभ के नीचे रखने वाली गोली या इंजेक्शन ले सकते हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के इन्हें न खाएं।
मैग्नीशियम कैसे लें- मैग्नीशियम शरीर में मांसपेशियों, रिलैक्सेशन और नींद समेत कई कामों में मदद करता है। आप इसे खाने के साथ ले सकते हैं। इससे पेट खराब होने या गैस जैसी परेशानी का खतरा कम हो सकता है। रात में सोने से पहले लेना कुछ लोगों के लिए नींद और रिलैक्सेशन में मददगार हो सकता है। मैग्नीशियम को कैल्शियम, आयरन और जिंक से अलग समय पर लें। दोनों सप्लीमेंट के बीच 2-4 घंटे का गैप रखें।
विटामिन सी कैसे लें- इसे खाने के साथ या बिना खाने के भी लिया जा सकता है। अगर खाली पेट विटामिन सी खाने से पेट में परेशानी होती है तो इसे खाने के साथ लें। विटामिन सी पौधों से मिलने वाले आयरन यानी नॉन हीम आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से पहुंचाने में मदद करता है। ज्यादा मात्रा में सप्लीमेंट ले रहे हैं तो इसे दो डोज में बांट लें।
विटामिन डी3 कैसे लें- विटामिन डी3 को ऐसे खाने के साथ लें जिसमें थोड़ी मात्रा में फैट हो। इससे बेहतर फायदा मिलता है। आप सुबह या शाम किसी भी समय विटामिन डी खा सकते हैं। इसे दूध, दही, अंडे, नट्स, एवोकाडो या हेल्दी फैट वाले खाने के साथ खाएं। डॉक्टर की सलाह से इसकी जरूरतों को पूरा करें।
जिंक कैसे लें- जिंक को खाने के साथ लेना बेहतर रहता है, क्योंकि खाली पेट लेने पर मितली या पेट खराब हो सकता है। आयरन और कैल्शियम सप्लीमेंट से इसे 2-4 घंटे के गैप पर ही खाएं। रोज लगभग एक ही समय पर सप्लीमेंट लेन अच्छा रहता है। जिंक सप्लीमेंट के साथ चाय, कॉफी और बहुत ज्यादा फाइबर वाले खाने के साथ लेने से बचें, इससे जिंक का अवशोषण प्रभावित हो सकता है।
कैल्शियम कैसे लें- कैल्शियम को आमतौर पर खाने के साथ लेने से इसका अवशोषण बेहतर होता है और पेट की परेशानी कम हो सकती है। अगर आपको ज्यादा कैल्शियम लेना है तो इसे एक साथ लेने के बजाय छोटी-छोटी डोज में लेना बेहतर होता है। इसे आयरन, जिंक, लेवोथायरोक्सिन और कुछ एंटीबायोटिक्स के साथ खाने से बचें। कैल्शियम खाने वालों को चाय, कॉफी और बहुत ज्यादा फाइबर नहीं लेना चाहिए।
फोलेट यानि विटामिन बी9 कैसे लें- फोलेट शरीर में DNA बनाने और लाल रक्त कोशिकाएं बनाने के लिए जरूरी है। गर्भावस्था में इसे जरूर खाने की सलाह दी जाती है। इसे खाने के साथ या बिना खाने के लिया जा सकता है। इसे रोजाना नियमित रूप से लेना जरूरी है, खासकर अगर आप प्रेग्नेंसी प्लान कर रही हैं, प्रेग्नेंट हैं या बच्चे को स्तनपान करा रही हैं।







