भगवंत मान सरकार का पंजाब के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, DA बढ़ाकर किया 50%, जानिए कब से मिलेगा बढ़ा हुआ पैसा?

पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के लिए भगवंत मान सरकार ने खुशियों का बड़ा पिटारा खोल दिया है। त्योहारों और बढ़ती महंगाई के बीच राज्य सरकार ने कर्मचारियों को शानदार सौगात देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में एक साथ 8 फीसदी की बंपर बढ़ोतरी का ऐलान किया है। सरकार ने 4-4 प्रतिशत की दो लंबित किस्तों को एक साथ मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब पंजाब के कर्मचारियों का कुल डीए बढ़कर सीधे 50% पर पहुंच गया है।

सबसे खास बात यह है कि कर्मचारियों को इस बढ़े हुए 50% डीए का लाभ इसी महीने मिलने वाली सैलरी के साथ खाते में क्रेडिट होकर मिलेगा। इस ऐतिहासिक फैसले से राज्य के लाखों कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं और उनके वेतन में जोरदार उछाल देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच महंगाई भत्ते (DA) को लेकर सहमति बनी। बैठक में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर भी मौजूद रहे। कर्मचारी पक्ष की ओर से पेंशनर्स और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के कुल 12 प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया। इनमें सांझा फ्रंट ऑफ पेंशनर्स, संयुक्त मुलाजिम मंच, पंजाब सचिवालय एसोसिएशन और पंजाब सिविल सचिवालय ऑफिसर्स एसोसिएशन (सेवानिवृत्त) समेत कई संगठन शामिल थे।

दो किस्तों में बढ़ेगा महंगाई भत्ता

बैठक में बनी सहमति के मुताबिक कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में कुल 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। यह बढ़ोतरी 4-4 प्रतिशत की दो किस्तों में लागू होगी। इसके बाद कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार ने बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता इसी महीने के वेतन में शामिल करने की बात कही है। इससे कर्मचारियों को त्योहारी सीजन से पहले बढ़ी हुई सैलरी का लाभ मिल सकता है।

लंबे समय से चल रहा था आंदोलन

कर्मचारी और पेंशनर्स संगठन लंबे समय से महंगाई भत्ता की लंबित किस्तों और एरियर के भुगतान की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर अगस्त और सितंबर में राज्यभर में आंदोलन भी हुआ था। इससे पहले जालंधर में मुख्यमंत्री और कर्मचारी नेताओं के बीच बातचीत नहीं हो पाई थी। बाद में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के साथ बैठक के बाद बातचीत का रास्ता खुला। शुक्रवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में महंगाई भत्ता के साथ कर्मचारियों और पेंशनर्स की अन्य लंबित मांगों पर भी चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें- पंजाब में मनमाने तरीके से फीस नहीं बढ़ा सकेंगे प्राइवेट स्कूल, भगवंत मान सरकार ने लगाई रोक



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/bhagwant-mann-1-1789723380.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!