देश के निर्यात में 26% की बंपर बढ़ोतरी, सोने के आयात में भारी गिरावट, व्यापार घाटा 5 महीने के निचले स्तर पर

भारत का वस्तु निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 26.12 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 43.81 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा, सोने के आयात में गिरावट से देश का व्यापार घाटा भी घटकर 5 महीने के निचले स्तर 26.86 अरब डॉलर पर आ गया। 

अगस्त में 14.1 प्रतिशत बढ़ा देश का आयात

मंगलवार को जारी वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में देश का आयात 14.1 प्रतिशत बढ़कर 70.76 अरब डॉलर रहा। इस दौरान कच्चे तेल, परियोजना वस्तुओं, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चांदी तथा कोयला और कोक के आयात में बढ़ोतरी हुई। अगस्त में सोने का आयात 57.75 प्रतिशत घटकर 2.3 अरब डॉलर रह गया। वहीं, कच्चे तेल का आयात 37.28 प्रतिशत बढ़कर करीब 16 अरब डॉलर रहा। पिछले महीने ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 से 94 डॉलर प्रति बैरल के बीच रही। अगस्त में निर्यात वृद्धि जून, 2022 के बाद सबसे ज्यादा रही। जून, 2022 में निर्यात 30.12 प्रतिशत बढ़ा था। 

अगस्त में इलेक्ट्रॉनिक्स और पेट्रोलियम उत्पादों का बंपर निर्यात

अगस्त में इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में क्रमशः 90 प्रतिशत, 25 प्रतिशत और 63.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पिछले महीने व्यापार घाटा गिरकर 26.86 अरब डॉलर पर आ गया। इससे पहले व्यापार घाटे का सबसे निचला स्तर मार्च में 20.67 अरब डॉलर रहा था। ये अगस्त, 2025 में 27.22 अरब डॉलर और जुलाई, 2026 में 31.98 अरब डॉलर रहा था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अगस्त के निर्यात आंकड़ों को मजबूत बताया। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये आंकड़े विनिर्माण क्षेत्र की बढ़ती क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता को दर्शाते हैं। 

अमेरिका, यूरोपीय संघ, ब्रिक्स देशों से आई निर्यात की मांग

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि निर्यात की मांग अमेरिका, यूरोपीय संघ, ब्रिक्स देशों और उभरती अर्थव्यवस्थाओं से आई है। अप्रैल-अगस्त 2026-27 में वस्तु निर्यात 17.85 प्रतिशत बढ़कर 215.91 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 18.21 प्रतिशत बढ़कर 363 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष के पहले 5 महीनों में वस्तु व्यापार घाटा बढ़कर 147.09 अरब डॉलर हो गया, जो अप्रैल-अगस्त 2025-26 में 123.88 अरब डॉलर था। अप्रैल-अगस्त 2026-27 में कच्चे तेल का आयात बढ़कर 95.57 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 78.07 अरब डॉलर था। 

इलेक्ट्रॉनिक सामान के आयात में भी जोरदार बढ़ोतरी

इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक सामान का आयात 46.31 अरब डॉलर से बढ़कर 66.48 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 25.32 अरब डॉलर से बढ़कर 35.31 अरब डॉलर रहा। अगस्त में इलेक्ट्रॉनिक सामान और परियोजना वस्तुओं का आयात क्रमशः 53.27 प्रतिशत बढ़कर 13 अरब डॉलर और 377.71 प्रतिशत बढ़कर 96.078 करोड़ डॉलर रहा। सरकारी अनुमानों के मुताबिक, अगस्त में सेवा निर्यात 38.87 अरब डॉलर और सेवा आयात 21.42 अरब डॉलर रहा।

ये भी पढ़ें

₹2000 से ऊपर के UPI पेमेंट पर क्या लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज? समझिए, सरकार के नए गजट नोटिफिकेशन के क्या हैं मायने



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/export-afp-1789521973.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!