ज्वेरेव की शानदार जीत से जर्मनी डेविस कप के फाइनल-8 में पहुंचा, ग्रेट ब्रिटेन का भी टिकट पक्का

US ओपन 2026 का खिताब जीतने के बाद अलेक्जेंडर ज्वेरेव के पास जश्न मनाने का ज्यादा वक्त नहीं था। ग्रैंड स्लैम जीतने की खुशी को पीछे छोड़कर जर्मनी के इस स्टार खिलाड़ी ने डेविस कप में देश की जिम्मेदारी संभाली और अपनी टीम को फाइनल-8 के लिए क्वालीफाई करा दिया। वहीं, ग्रेट ब्रिटेन ने इक्वाडोर को 3-0 से हराकर फाइनल-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी ज्वेरेव ने क्रोएशिया के 103वीं रैंकिंग वाले डिनो प्रिज्मिक को 6-2, 6-4 से मात दी। इस जीत के साथ जर्मनी ने डेविस कप के फाइनल-8 में जगह बना ली और अब उसकी नजर 1993 के बाद पहली बार इस प्रतिष्ठित खिताब को जीतने पर है। डेविस कप 2026 का लाइव एक्शन फैंस VETO OTT पर देख सकते हैं।

29 साल के ज्वेरेव ने शनिवार को भी जर्मनी को शानदार शुरुआत दिलाई थी। उन्होंने माते डोडिग को सीधे सेटों में हराकर टीम को बढ़त दिलाई थी। हालांकि, इसके बाद प्रिज्मिक ने क्रोएशिया को वापसी कराते हुए स्कोर बराबर कर दिया। ऐसे में केविन क्राविट्ज और टिम पुएट्ज की डबल्स में मिली जीत जर्मनी के लिए निर्णायक साबित हुई और टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

ग्रेट ब्रिटेन ने इक्वाडोर को 3-0 से हराया

लंदन में ग्रेट ब्रिटेन ने इक्वाडोर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। डबल्स मुकाबले में हेनरी पैटन और नील स्कुप्स्की की जोड़ी ने डिएगो हिडाल्गो और गोंजालो एस्कोबार को 6-3, 6-4 से हराकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी। दुनिया के नंबर-1 डबल्स खिलाड़ी पैटन और नंबर-3 स्कुप्स्की ने मुकाबले में दोनों सेटों में अहम मौकों पर सर्विस ब्रेक हासिल किया। दूसरे सेट में ब्रिटिश जोड़ी ने नौवें गेम में बढ़त बनाई और इसके बाद बिना कोई मौका दिए मैच खत्म कर दिया।

इससे पहले शनिवार को 23 साल के टोबी सैमुअल ने एंड्रेस एंड्राडे को हराया था, जबकि विंबलडन सेमीफाइनल खेल चुके आर्थर फेरी ने अल्वारो गुइलेन मेजा को मात देकर ब्रिटेन को 2-0 की बढ़त दिलाई थी। डेविस कप में 10 बार की चैंपियन ग्रेट ब्रिटेन ने इसके बाद डबल्स जीतकर फाइनल-8 का टिकट हासिल कर लिया।

स्पेन भी क्वालीफाई करने के करीब

स्पेन भी फाइनल्स में जगह बनाने के बेहद करीब है। टीम ने शनिवार को खेले गए दोनों सिंगल्स मुकाबले जीतकर मेजबान चिली के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली है। डेनियल मेरिडा और राफेल जोदार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर स्पेन को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रविवार को जाउमे मुनार और पेड्रो मार्टिनेज की जोड़ी चिली के टॉमस बारियोस वेरा और एलेजांद्रो ताबिलो के खिलाफ डबल्स मुकाबले में उतरेगी। इस मुकाबले के बाद जरूरत पड़ने पर दो और मैच खेले जा सकते हैं। डेविस कप 2026 के फाइनल-8 का आयोजन 24 से 29 नवंबर तक इटली के बोलोग्ना में होगा। मौजूदा चैंपियन और मेजबान इटली के अलावा ग्रेट ब्रिटेन, जर्मनी, चेक रिपब्लिक, साउथ कोरिया, ऑस्ट्रिया और कनाडा ने फाइनल-8 में जगह बना ली है।

यह भी पढ़ें:

डेविस कप में नंबर 2 खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने क्रोएशियाई खिलाड़ी को दी मात, सीधे सेटों में 6-4, 7-6 से हराया

डेविस कप के दूसरे राउंड में भारतीय टीम का रहा निराशाजनक प्रदर्शन, साउथ कोरिया के खिलाफ मिली 3-1 से हार



Source link

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/davis-cup-1789916235.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!