सुबह के नाश्ते में बनाएं चटपटी इडली फ्राई, स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्याल, नोट करें आसान रेसिपी

अगर आप रोज पोहा या इडली खाकर बोर हो गए हैं तो सुबह सुबह इडली फ्राई की लाजवाब रेसिपी बना सकते हैं। यह एक ऐसी रेसिपी है जो हेल्दी और टेस्टी दोनों है। खास बात यह है कि इसका स्वाद बड़ों से लेकर बच्चों सबको खूब पसंद आएगा। अगर आपने इडली पहले से ही बनाकर रखा है तो इस रेसिपी को बनाने में ज़्यादा समय भी नहीं लगता है। राई , जीरे और करी पत्ते के साथ तड़का इसके स्वाद को और भी बढ़ा देता है। तो, चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह इडली फ्राई की यह लाजवाब रेसिपी?

इडली फ्राई बनाने के लिए सामग्री

 

इडली, एक प्याज, एक टमाटर, एक शिमला मिर्च, एक हरी मिर्च, आधा चम्मच राई, आधा चम्मच जीरा, करी पत्ते, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच धनिया पाउडर,  नमक स्वादानुसार, 2 चम्मच तेल, थोड़ा हरा धनिया, 1 चम्मच नींबू का रस

कैसे बनाएं इडली फ्राई?

  • इडली फ्राई बनाने के लिए सबसे पहले इडली बनाएं , अगर आपके पास इडली बचे हुए हैं तो आप उनका इस्तेमाल कर सकते हैं। इडली को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें। अब, एक गहरे कड़ाही में तेल डालें। उसके बाद राई और जीरा डालें। जब ये चटकने लगें तो उसमें करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें। करी पत्ता जब हल्का गोल्डन हो जाए तब इसमें बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें।

  • इसके बाद टमाटर और शिमला मिर्च डालें। दोनों को कुछ मिनट तक पकाएं। जब टमाटर एकदम गल जाए तब उसमें मसाले और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सभी मसालों को धीमी आंच पर थोड़ी देर भूनें। अब कटे हुए इडली के टुकड़े पैन में डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिक्स करें। आपको इस बात का ध्यान रखना है कि इडली को बहुत ज्यादा न चलाएं, वरना वह टूट सकती है।

  • इडली को मीडियम आंच पर हल्का फ्राई करें, ताकि मसाले अच्छी तरह इडली पर लग जाएं और किनारे हल्के क्रिस्पी हो जाएं। अब, गैस बंद करने के बाद ऊपर से नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालें। आपकी चटपटी इडली फ्राई बनकर तैयार है। इसे नारियल की चटनी और हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!