बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनाव सतैया समेत टीम के सदस्यों ने अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान फिल्म की सफलता और उससे जुड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर बातचीत हुई। ‘हनुमान अंश’ बाबा नीम करोली के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म है और रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है।
नीम करौली बाबा पर हुई खास चर्चा
मुलाकात के दौरान अमित शाह ने बाबा नीम करोली के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत को लेकर अपनी बात रखी। फिल्म की टीम के मुताबिक, उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। फिल्म से जुड़े एक सूत्र के अनुसार अमित शाह ने टीम को भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानियों को आगे भी पर्दे पर लाने के लिए प्रोत्साहित किया। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के लिए यह मुलाकात फिल्म की सफलता के बीच एक खास मौका रही। ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करोली की आध्यात्मिक यात्रा को कहानी का केंद्र बनाया गया है। फिल्म की कहानी और विषय को लेकर दर्शकों के बीच बनी दिलचस्पी ने इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में भी अहम भूमिका निभाई है।
यहां देखें पोस्ट
महावीर जैन ने ‘रामबोला’ की दी जानकारी
इस मुलाकात में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के साथ निर्माता महावीर जैन भी मौजूद थे। उन्होंने अमित शाह को अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ के बारे में जानकारी दी। यह फिल्म गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित होगी। ‘रामबोला’ का ऐलान इसी महीने किया गया था। फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन भी विशाल चतुर्वेदी करेंगे, जबकि महावीर जैन इसके सह-निर्माता हैं। ‘हनुमान अंश’ के बाद विशाल का यह प्रोजेक्ट भी भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगा।
योगी आदित्यनाथ और देवेंद्र फडणवीस से भी मिल चुकी है टीम
अमित शाह से मुलाकात से पहले ‘हनुमान अंश’ की टीम देश के अन्य प्रमुख नेताओं से भी मिल चुकी है। टीम ने इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की थी। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुंबई स्थित उनके आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर टीम की मुलाकात हुई थी। इन मुलाकातों का सिलसिला ऐसे समय में हुआ है, जब फिल्म सिनेमाघरों में उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रही है। छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी रिलीज के शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी के चलते इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला।
करीब 2 करोड़ के बजट से बनी फिल्म ने बदला बॉक्स ऑफिस गणित
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की शुरुआत बेहद साधारण रही और पहले कुछ हफ्तों में इसे सीमित दर्शक मिले। हालांकि बाद में इसकी कमाई में तेजी आई और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए रखी। रिपोर्टों के मुताबिक 41वें दिन फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। रिपोर्टों में फिल्म का बजट करीब 2 करोड़ रुपये बताया गया है। खास बात यह है कि फिल्म ने शुरुआती धीमी रफ्तार के बावजूद बाद के हफ्तों में जिस तरह से रफ्तार पकड़ी, उसने ट्रेड और फिल्म इंडस्ट्री दोनों का ध्यान खींचा। छठे सप्ताह में भी फिल्म का प्रदर्शन जारी रहा और इसकी कमाई ने इसे 2026 की चर्चित हिंदी फिल्मों में शामिल कर दिया। बता दें, नीम करोली बाबा की बेटी ने भी ये फिल्म देखी है और फिल्म की कहानी उन्हें इस कदर पसंद आई कि वो रो पड़ीं।
‘हनुमान अंश’ के बाद ‘रामबोला’ पर नजर
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की अगली फिल्म ‘रामबोला’ पर भी दर्शकों की नजरें हैं। गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित इस प्रोजेक्ट के जरिए निर्देशक एक बार फिर भारतीय आध्यात्मिक और साहित्यिक विरासत से जुड़े विषय को पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं। अमित शाह से मुलाकात के दौरान इस आगामी फिल्म का जिक्र भी हुआ। वहीं ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने विशाल चतुर्वेदी और उनकी टीम के लिए आगे की राह को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं। फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी रही हो, लेकिन बाद में मिली दर्शकों की प्रतिक्रिया ने इसे साल की चर्चित बॉक्स ऑफिस कहानियों में जगह दिलाई है।
ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम 3’ में आमने-सामने अजय देवगन-जयदीप अहलावत, कौन-किस पर पड़ेगा भारी? ट्रेलर देखने के बाद लोगों ने दी राय








