VIDEO: मेले में जा रहे पदयात्रियों को कार ने मारी टक्कर, 5-7 घायल, गुस्साई भीड़ ने वाहन में लगाई आग, दूर तक उठी लपटें

गुजरात के साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर के पास डोलगढ़ पटिया इलाके में एक सड़क हादसे के बाद तनाव की स्थिति बन गई। यहां पूनम के मेले में शामिल होने जा रहे पदयात्रियों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि पदयात्रियों को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। यह देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने कार को रोक लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कार में आग लगा दी। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में जिला पुलिस अधीक्षक (DSP), DySP के साथ रूरल, बी-डिविजन और LCB यूनिट के जवान शामिल थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला।

वहीं, कार में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/car-burn-1790000862.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!