वीकेंड के दिन लोग सुबह नाश्ते में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। इसके लिए लोग कई तरह के ऑप्शन्स ढूंढते हैं। अगर कुछ समझ नहीं आता है तो लोग वहीं पुराना, बेसन, सूजी का चीला बना लेते हैं। लेकिन इस बार हम आपके लिए एक ऐसे चीला की रेसिपी लेकर आए हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत का भी खजाना है। हम बात कर रहे हैं हरियाली पनीर चीला। ये खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है और सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। इसे बनाने के लिए आपको जरूरत होगी मूंग दाल, चावल और मूंगफली की। चलिए तो जानते हैं कैसे बनाएं हरियाली पनीर चीला।
सामग्री
बैटर के लिए
- हरी मूंग दाल – 1 कप
- चावल – 2 चम्मच
- मूंगफली के दाने – 2 से 3 चम्मच
- पालक/धनिया के पत्ते – 1 कप
- हरी मिर्च – 2
- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
- हींग – एक चुटकी
- नमक – स्वादानुसार
स्टफिंग के लिए
- पनीर – 1 कप
- बारीक कटा प्याज – 1/2 कप
- बारीक कटी शिमला मिर्च – 1/4 कप
- भुना जीरा पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- चाट मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
- बारीक कटा हरा धनिया – 2 चम्मच
- तेल या घी – सेकने के लिए
बनाने का तरीका
भिगोना और पीसना: सबसे पहले मूंग दाल, चावल और मूंगफली को धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर इन्हें मिक्सी में डालें। साथ में पालक, हरी मिर्च, अदरक, हींग, नमक और थोड़ा सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा और स्मूथ बैटर तैयार कर लें। पालक के कारण बैटर में एक सुंदर हरियाली रंग आ जाएगा।
स्टफिंग तैयार करना: एक बाउल में पनीर, प्याज, शिमला मिर्च, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और थोड़ा सा नमक मिलाकर मिक्स करें। आपकी स्वादिष्ट पनीर स्टफिंग तैयार है।
चीला सेकना: अब एक नॉन-स्टिक तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल लगाकर ग्रीस कर लें। तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच बैटर डालें और गोल-गोल घुमाते हुए डोसे की तरह पतला फैलाएं।
पकाना और स्टफिंग भरें: चीले के किनारों पर थोड़ा सा घी या तेल लगाएं। जब निचली सतह हल्की सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तब चीले के बीच में पनीर की तैयार स्टफिंग फैलाएं। चीले को दोनों तरफ से मोड़ें और फिर इसे सर्व करें।








