दिल्ली में आज छाता और रेनकोट लेकर निकलें! 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की भी चेतावनी

Highlights

  • दिल्ली समेत 11 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा।
  • यूपी के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, 30 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर।
  • झारखंड के कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अचानक बाढ़ का भी खतरा।

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। भारत मौसम विभाग यानी कि IMD ने 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।  भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।

यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 12 घंटे तक इसके डिप्रेशन की ताकत बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें।

राजधानी दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ बिजली गिरने का भी खतरा है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं 28 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली वालों को आज छाता और रेनकोट साथ लेकर निकलना बेहतर रहेगा।

यूपी में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव समेत कई जिलों में पहले से बारिश हो रही है। IMD ने 26 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी चलने की भी संभावना है। यूपी में बारिश का यह दौर 30 सितंबर तक जारी रहने की उम्मीद है। पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर और पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश हो सकती है।

यूपी के इन जिलों में प्रशासन को निर्देश

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

UP Weather Today, IMD Rain Alert, Heavy Rainfall Alert

Image Source : PTIउत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए सुरक्षा और राहत एजेंसियों को जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

बिहार और उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट

बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD के मुताबिक, बिहार में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का यह दौर 28 सितंबर तक जारी रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Madhya Pradesh Weather Today, IMD Rain Alert, Heavy Rainfall Alert

Image Source : PTIमध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में 26 सितंबर को पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, 25 से 27 सितंबर के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं 29 और 30 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश होने की संभावना है।

झारखंड में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश

झारखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। IMD ने शनिवार सुबह 8:30 बजे तक लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी अवधि के लिए राज्य के 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में अचानक बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया है।

इन राज्यों में भी मौसम बिगड़ने के आसार

डिप्रेशन के असर से छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में पानी भरने और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है। कुल मिलाकर 26 सितंबर को देश के कई राज्यों में मौसम खराब रहने वाला है। खासकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में रहने वाले लोगों को बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।

ये भी पढ़ें: पानी के तेज बहाव में बह गया तेल टैंकर, चालक ने कूदकर बचाई जान; भारी बारिश ने मचाई तबाही

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!