विसर्जन जुलूस देख रहे लोगों के ऊपर गिरा छत का हिस्सा, तेज आवाज में बज रहा था डीजे; एक की मौत, कई घायल

ओडिशा के जटनी इलाके में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां पंजाब नेशनल बैंक की दो मंजिला इमारत की कंक्रीट छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। छत का मलबा सड़क किनारे विसर्जन जुलूस देखने के लिए जमा लोगों पर जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है।

लोगों के ऊपर गिरा छत का हिस्सा

जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस जटनी इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान लोग सड़क के किनारे खड़े होकर जुलूस देख रहे थे। तभी पंजाब नेशनल बैंक की दो मंजिला इमारत की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। छत का मलबा सीधे वहां मौजूद लोगों पर गिरा। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

तेज आवाज में बज रहा था डीजे

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर मलबे के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को जटनी और आसपास के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। हादसे के बाद विसर्जन जुलूस में बज रहे तेज आवाज वाले डीजे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जुलूस के दौरान DJ तेज आवाज में बजाया जा रहा था, जबकि जुलूस में डीजे के इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंध होने की बात भी सामने आई है।

जांच में जुटी पुलिस

एडिशनल कमिश्नर नरसिंह भोल ने बताया कि जटनी इलाके में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक छत का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों को आसपास के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटना के समय डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था। डीजे से पैदा हुए कंपन का छत गिरने से कोई संबंध था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

रील बनाने के चक्कर में बाढ़ के तेज बहाव में बहे युवक, पेड़ पर जाकर अटके, सामने आया VIDEO

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!