स्टार खिलाड़ियों से सजी चेक रिपब्लिक की टीम ने यूक्रेन को 2-0 से हराकर बिली जीन किंग कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ चेक रिपब्लिक ने 2018 के बाद पहली बार ट्रॉफी उठाई और अपने खिताबों की संख्या 12 तक पहुंचा दी। भारत में फैंस ने VETO OTT पर खिताबी मुकाबले का जमकर लुत्फ उठाया।
शेनझेन बे स्पोर्ट्स सेंटर एरिना में खेले गए फाइनल में चेक रिपब्लिक की ओर से दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा ने पहला मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने शानदार लय में चल रही यूक्रेन की एन्हेलिना कालिनिना को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से मात देकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद दूसरे मुकाबले में सबकी निगाहें एलिना स्वितोलिना और विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा के बीच होने वाले मुकाबले पर थीं। दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली, लेकिन नोस्कोवा ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और स्वितोलिना को 6-3, 7-6(5) से हराकर चेकिया को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इस जीत के साथ चेक रिपब्लिक ने बिली जीन किंग कप के इतिहास में अपनी शानदार पकड़ को और मजबूत किया। टीम ने 13वीं बार फाइनल में जगह बनाई थी और इनमें से 12 मौकों पर उसे खिताबी जीत मिली है।
बारबोरा स्त्रीकोवा बनीं छठी बार चैंपियन
चेक रिपब्लिक की कप्तान बारबोरा स्त्रीकोवा के लिए भी यह जीत बेहद खास रही। वह इससे पहले खिलाड़ी के तौर पर 6 बार बिली जीन किंग कप जीत चुकी हैं। 2018 में अमेरिका को हराकर खिताब जीतने वाली चेक टीम का भी वह हिस्सा थीं। अब कप्तान के रूप में पहली ही फाइनल्स में ट्रॉफी जीतकर उन्होंने एक खास उपलब्धि हासिल की है।
स्त्रीकोवा बिली जीन किंग कप में खिलाड़ी और कप्तान दोनों के रूप में खिताब जीतने वाली सिर्फ चौथी महिला बन गई हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि मार्गरेट कोर्ट, क्रिस एवर्ट और बिली जीन किंग हासिल कर चुकी हैं। वहीं, यूक्रेन के लिए फाइनल में हार निराशाजनक जरूर रही, लेकिन टीम का शेनझेन अभियान ऐतिहासिक रहा। यूक्रेन पहली बार बिली जीन किंग कप के फाइनल में पहुंचा था। टीम ने सेमीफाइनल में दो बार की मौजूदा चैंपियन इटली को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
यूक्रेन का खिताब जीतने का सपना चकनाचूर
गौरतलब है कि यूक्रेन ने 2025 में पहली बार फाइनल्स में जगह बनाई थी और तब टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। इस बार उसने एक कदम आगे बढ़ते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। हालांकि खिताबी मुकाबले में चेकिया की मजबूत टीम के सामने उसकी चुनौती ज्यादा देर नहीं टिक सकी।
यह भी पढ़ें:
यूक्रेन ने बेल्जियम को हराकर बिली जीन किंग कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/bjk-1790515022.jpg








