नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। जेवर एयरपोर्ट से अब देश के दो बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। अकासा एयर ने अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए कोलकाता और बेंगलुरु के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने का फैसला किया है। ये सेवाएं 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगी। इसके साथ ही यात्रियों के पास देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने के लिए हवाई कनेक्टिविटी के और ऑप्शन उपलब्ध होंगे।
कोलकाता के लिए ये रहेगा फ्लाइट शेड्यूल
अकासा एयर की फ्लाइट नंबर QP 1569 सुबह 10:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी। करीब 2 घंटे 20 मिनट के सफर के बाद यह फ्लाइट दोपहर 12:50 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट नंबर QP 1570 दोपहर 1:30 बजे कोलकाता से रवाना होगी और 3:50 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इससे नोएडा और कोलकाता के बीच सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध होगा।
बेंगलुरु के लिए भी डायरेक्ट फ्लाइट
बेंगलुरु रूट पर अकासा एयर की फ्लाइट नंबर QP 1525 सुबह 7:00 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर 9:45 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। वहीं, नोएडा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट नंबर QP 1526 शाम 4:30 बजे जेवर से रवाना होगी और रात 7:20 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। इसके अलावा अहमदाबाद और पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए अकासा एयर फिलहाल कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
मुंबई रूट में भी हुआ बदलाव
अकासा एयर ने नोएडा एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली अपनी डेली सर्विस को 30 सितंबर 2026 के बाद बंद करने का फैसला किया है। दोपहर 2:10 बजे वाली मुंबई फ्लाइट की बुकिंग भी रोक दी गई है। इससे नोएडा से मुंबई के लिए अकासा एयर की सीधी सेवा समाप्त हो जाएगी। हालांकि, यात्रियों के लिए कंपनी ने एक नया ऑप्शन दिया है। 1 अक्टूबर से नोएडा से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होगी। यह फ्लाइट सुबह 11:00 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और दोपहर 1:15 बजे नवी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा ऑप्शन
नोएडा एयरपोर्ट से कोलकाता, बेंगलुरु और नवी मुंबई की नई सेवाओं से यात्रियों के लिए हवाई कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ेगा। खासकर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को इन शहरों के लिए जेवर से सीधे उड़ान का ऑप्शन मिलेगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट के पास एक और मेगा प्रोजेक्ट को मंजूरी! YEIDA ने नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को दिखाई हरी झंडी
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/akasa-noida-1-1790670189.jpg










