म्यांमार सीमा पर उग्रवादियों ने की फायरिंग, असम राइफल्स का एक जवान शहीद; चार घायल

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यंमार बॉर्डर के पास पेट्रोलिंग कर रही टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में असम राइफ़ल्स का एक जवान शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग सर्कल के तहत नामपोंग नाला के पास हुई, जब 21 असम राइफ़ल्स के जवान उस इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। यहां बॉर्डर पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है।

उग्रवादियों ने पेट्रोलिंग टीम पर की गोलीबारी

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध उग्रवादियों ने पेट्रोलिंग टीम पर गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) शहीद हो गए और चार अन्य जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, जबकि उनकी हालत के बारे में जानकारी का इंतज़ार है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। शुरुआती रिपोर्ट में NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की बात कही गई है, हालांकि हमलावरों की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

असम राइफ़ल्स के आधिकारिक बयान का इंतजार

चांगलांग के SP किर्ली पाडु ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के इंचार्ज को जानकारी इकट्ठा करने का निर्देश दिया है। SP ने कहा, “हमें भारत-म्यांमार बॉर्डर पर हुई घटना की जानकारी मिली है और हमने चांगलांग पुलिस स्टेशन के OC से इससे जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने को कहा है।” बता दें कि चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार बॉर्डर संवेदनशील रहा है क्योंकि इस इलाके और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार सक्रिय उग्रवादी गुटों की आवाजाही होती रहती है।

जॉइंट ऑपरेशन में दो उग्रवादी मारे गए

इससे पहले, मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स की जॉइंट टीम के साथ हुई मुठभेड़ में UKNA के दो उग्रवादी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने 29 अगस्त की रात हेंगलेप सब-डिविजन के फाइबोंग गांव में एक ऑपरेशन शुरू किया। बलों ने UKNA कैंप पर नजर रखी और 2 सितंबर की सुबह 5 बजे कैंप के पास घेराबंदी शुरू की। यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) उस ‘सस्पेंशन ऑफ़ ऑपरेशन्स’ (SoO) समझौते का हिस्सा नहीं है, जिस पर केंद्र, मणिपुर सरकार और कई कुकी और ज़ोमी हथियारबंद संगठनों ने हस्ताक्षर किए हैं।

यह भी पढ़ें-

BJP ने जारी की 10 उम्मीदवारों की लिस्ट, UP-बिहार में MLC चुनावों को लेकर कैंडिडेट्स का ऐलान

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!