शुभमन गिल के बल्ले ने गुवाहाटी में ऐसी रफ्तार पकड़ी कि एक के बाद एक बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त होते चले गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे ODI में भारतीय कप्तान ने 117 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर ODI क्रिकेट का सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह ODI में दो दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए। 27 साल गिल ने इससे पहले जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में अपने ODI करियर का पहला दोहरा शतक लगाया था। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में उन्होंने एक बार फिर 200 रन का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया।
रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हुए गिल
गिल अब ODI क्रिकेट में एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा के बाद दूसरे नंबर पर हैं। रोहित के नाम इस फॉर्मेट में तीन दोहरे शतक हैं। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और 2014 तथा 2017 में श्रीलंका के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाई थी। गिल ने 202 रन के आंकड़े पर पहुंचने के साथ ही ODI में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी अपने नाम कर लिया। गिल ने मैक्सवेल का 201 रनों का रिकॉर्ड ध्वस्त किया।
ODI में सबसे तेज दोहरे शतक
- शुभमन गिल -117 गेंद
- ईशान किशन – 126 गेंद
- ग्लेन मैक्सवेल – 128 गेंद
- पथुम निसांका – 136 गेंद
- क्रिस गेल – 138 गेंद
62 गेंदों में शतक
406 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने महज 62 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके बाद उनकी रफ्तार और बढ़ गई और उन्होंने सिर्फ 89 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही गिल ने ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ईशान ने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 103 गेंदों में 150 रन बनाए थे। गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यह मुकाम 89 गेंदों में हासिल कर लिया। गिल ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर 255 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी की। यह ODI इतिहास में किसी भारतीय सलामी जोड़ी की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। रोहित 75 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनके पवेलियन लौटने का गिल की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा।
विराट के साथ भी तेज साझेदारी
रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली ने गिल का साथ दिया। दोनों ने 35 गेंदों में 65 रन जोड़े। विराट ने 19 गेंदों पर 29 रन बनाए, लेकिन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। शेर्फेन रदरफोर्ड ने उनका शानदार कैच लपककर इस साझेदारी को तोड़ा। हालांकि, दूसरी तरफ गिल लगातार वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रहे।
वेस्टइंडीज ने तोड़ा 43 साल पुराना कीर्तिमान, वनडे क्रिकेट में रच दिया नया इतिहास
जॉन कैंपबेल ने रच दिया इतिहास, भारत के खिलाफ ठोका सबसे तेज शतक, तोड़ा 27 साल पुराना कीर्तिमान
Source link
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/shubman-gill-7-1790785607.jpg







