त्योहारों से पहले महंगाई का झटका, महंगा हो गया कमर्शियल गैस सिलेंडर; चेक करें नए रेट

त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही महंगाई का झटका लगा है। 1 अक्टूबर से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में कई शहरों में ₹60 से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दूसरे कारोबारों पर पड़ सकता है, जहां कमर्शियल गैस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों को फिलहाल राहत मिली है।

दिल्ली में ₹62.50 महंगा हुआ सिलेंडर

बेंचमार्क दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर सितंबर में ₹2,747.50 का था। अब 1 अक्टूबर से इसकी कीमत बढ़कर ₹2,810 हो गई है। यानी एक सिलेंडर पर ₹62.50 ज्यादा चुकाने होंगे। इससे पहले सितंबर में भी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹9.50 बढ़ाए गए थे।

मुंबई और चेन्नई में भी बढ़े दाम

मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹2,701 से बढ़कर ₹2,764 हो गई है। यानी यहां ₹63 की बढ़ोतरी हुई है। चेन्नई में 19 किलो वाला सिलेंडर अब ₹2,983 का हो गया है, जबकि सितंबर में इसकी कीमत ₹2,916.50 थी। अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर का नया रेट ₹2,831.50 हो गया है। वहीं कन्याकुमारी में इसकी कीमत ₹3,046 और अरुणाचल प्रदेश के तवांग में ₹3,073.50 पहुंच गई है।

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत स्थिर

कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने के बावजूद 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹942, मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 में ही मिलेगा। पटना में घरेलू LPG की कीमत ₹1,031.50 और लखनऊ में ₹979.50 है। यानी फिलहाल घरेलू रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों पर इस बढ़ोतरी का सीधा असर नहीं पड़ेगा।

कैसे तय होते हैं LPG के दाम?

LPG की कीमत तय करने में अंतरराष्ट्रीय LPG बाजार के रेट और विदेशी मुद्रा दर अहम भूमिका निभाते हैं। तेल कंपनियां आमतौर पर पिछले महीने के औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क के आधार पर कीमतों में बदलाव करती हैं। हालांकि घरेलू LPG की कीमत पूरी तरह बाजार के हिसाब से तय नहीं होती। सरकार जरूरत के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कीमतों को स्थिर रखने का फैसला कर सकती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG महंगी होने के बावजूद घरेलू सिलेंडर की कीमत उसी अनुपात में बढ़ना जरूरी नहीं है।

यह भी पढ़ें- अब सिर्फ 25 दिनों में बुक कर सकेंगे LPG सिलेंडर, ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का नहीं करना होगा इंतजार



https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/10/cylinder-price-1790816294.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!