गुजरात के राजकोट जिले में आज सुबह से लगातार भूकंप के झटकों से लोग सदमे में हैं। जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आस-पास के इलाकों में आए झटकों की वजह से कई स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च के डेटा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से लगातार 11 भूकंप आए। सबसे बड़ा झटका सुबह 6.19 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई। उसके बाद भी करीब एक घंटे तक लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए। 9 जनवरी को दोपहर 12:45 बजे तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। आज सुबह 6 बजे से 12 बजे के बीच 6 घंटे में 11 बार भूकंप के झटके आए।
भूकंप का केंद्र उपलेटा से 27 से 30 km दूर पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र 6.1 से 13.6 km गहराई में होने का अनुमान है। कल रात 8:43 बजे 3.3 मैग्नीट्यूड का भूकंप भी महसूस किया गया। अच्छी बात ये है कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह दी है।










