तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गांधी जयंती के मौके पर महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा वाली ‘वेत्री पयनम’ योजना का विस्तार लॉन्च किया। सरकार ने कहा कि मुफ्त बस योजना के विस्तार से रोजाना 84 लाख से ज़्यादा महिलाओं को फायदा होगा और वे ‘डीलक्स’ और ‘एक्सप्रेस’ जैसी बसों की सेवाओं का भी इस्तेमाल कर सकेंगी। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए लाभार्थियों की आय की कोई सीमा नहीं होगी और न ही रोजाना यात्राओं की संख्या पर कोई रोक होगी।
84 लाख से अधिक महिलाओं को फायदा
दरअसल, इस कल्याणकारी योजना का नाम सत्ताधारी पार्टी – ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ – से लिया गया है, जिसका अर्थ महिलाओं के लिए “विजयी यात्रा” (वेत्री पयनम) है। इस योजना में राज्य के सात परिवहन निगमों की 12,695 बसें शामिल हैं और इससे रोजाना लगभग 84.32 लाख महिलाओं को फ़ायदा होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने यात्रियों से बातचीत की और इस कल्याणकारी पहल की आधिकारिक शुरुआत के तौर पर उन्हें मुफ़्त बस टिकट बांटे।
महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को मुफ्त बस यात्रा
इस मौके पर परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने कहा कि इस पहल का मकसद महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देना है, ताकि उनकी शिक्षा, रोजगार, आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिल सके और यात्रा का खर्च उनकी तरक्की में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि यह योजना समानता को बढ़ावा देने का एक जरिया है और यात्रा के अधिकारों में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। पार्थिबन ने इस पहल को एक “सामाजिक क्रांति” बताया, जिसका मकसद महिलाओं को आजादी से सोचने, घर से बाहर निकलने और राज्य के विकास में योगदान देने में मदद करना है।
योजना का किया गया विस्तार
मंत्री पार्थिबन ने आगे कहा, “इस लॉन्च का मकसद सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण के सिद्धांतों का सम्मान करना, अर्थव्यवस्था और समाज में उनकी भागीदारी को आसान बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन का खर्च शिक्षा, रोजगार या स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच में बाधा न बने।” बता दें कि पहले यह मुफ़्त यात्रा सुविधा कुछ खास तरह की बसों तक ही सीमित थी, लेकिन अब इसे और श्रेणियों तक बढ़ा दिया गया है, जिनमें एक्सप्रेस, डीलक्स, मोफुसिल ऑर्डिनरी और कुछ घाट (पहाड़ी) इलाकों की बस सेवाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें-
PM मोदी ने बहादुर पायलट स्मित मच्छार से की बात, हिम्मत की तारीफ की; जानें क्या बात हुई









