मसूर दाल से बनाएं कुरकुरा और टेस्टी डोसा, बच्चे से लेकर बड़ों तक को आएगा पसंद, नोट करें रेसिपी

आम तौर पर घरों में उड़द की दाल का डोसा बनाया जाता है। इसका स्वाद लाजवाब होता है। लेकिन क्या कभी आपने मसूर दाल का डोसा ट्राय किया है। ये एक बेहतरीन, पौष्टिक और बेहद स्वादिष्ट ब्रेकफास्ट ऑप्शन है। पारंपरिक चावल-उड़द दाल के डोसा के मुकाबले इसे बनाना काफी आसान है और यह पाचन के लिए भी हल्का होता है। अगर आपके बच्चे दाल खाने में आनाकानी करते हैं, तो इस कुरकुरे डोसे के जरिए आप उन्हें भरपूर प्रोटीन और फाइबर दे सकते हैं। यहां हम आपके लिए मसूर दाल डोसा की रेसिपी लेकर आए हैं। 

सामग्री

  • साबुत लाल मसूर या धुली मसूर दाल: 1 कप
  • चावल: 1/2 कप 
  • अदरक: 1 इंच टुकड़ा
  • हरी मिर्च: 1-2 (स्वादानुसार)
  • जीरा: 1 छोटा चम्मच
  • हींग: 1 चुटकी
  • नमक: स्वादानुसार
  • तेल या घी: डोसा सेकने के लिए
  • पानी: बैटर की आवश्यकता अनुसार

बनाने का तरीका

दाल और चावल को भिगोएं

सबसे पहले मसूर दाल और चावल को अच्छी तरह 2-3 बार पानी से धो लें। इसके बाद इन्हें पर्याप्त पानी में लगभग 3 से 4 घंटे के लिए भिगोकर रख दें।

बैटर तैयार करें
दाल और चावल जब अच्छी तरह फूल जाए, तो इसका एक्सट्रा पानी निकाल दें। अब इन्हें मिक्सर जार में डालें। साथ में अदरक, हरी मिर्च, जीरा, हींग और थोड़ा सा पानी मिलाकर एकदम बारीक और स्मूथ पीस लें।

मिश्रण को फेंटे
पिसे हुए बैटर को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं और 1-2 मिनट के लिए अच्छी तरह फेंटें। ध्यान रखें कि बैटर की कंसिस्टेंसी सामान्य डोसे के घोल जैसी होनी चाहिए न बहुत ज्यादा गाढ़ी और न ही बहुत पतली।

डोसा बनाएं
अब एक नॉन-स्टिक तवा या लोहे का तवा तेज आंच पर गरम करें। तवे पर थोड़ा सा पानी छिड़कें और कपड़े से पोंछ लें। इसके बाद आंच को मध्यम करें। तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच बैटर डालें और गोल-गोल घुमाते हुए बाहर की तरफ पतला फैलाएं।

कुरकुरा सेकें
डोसे के किनारों और बीच में थोड़ा सा तेल या घी लगाएं। इसे मध्यम आंच पर तब तक सिकने दें जब तक कि नीचे की सतह सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए।

परोसें
जब डोसा किनारों से तवा छोड़ने लगे, तो इसे मोड़कर प्लेट में निकाल लें। आपका गरमा-गरम और क्रिस्पी मसूर दाल डोसा तैयार है। इसे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें। 

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!