‘बाजीगर’ का वो बच्चा याद है? शाहरुख खान के बचपन का रोल करने वाले सुमीत पाठक की बदल गई दुनिया, खड़ा किया करोडों का एंपायर

बॉलीवुड की कई फिल्मों में ऐसे बाल कलाकार नजर आए हैं, जिन्होंने कम उम्र में अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिल में जगह बनाई। कुछ कलाकार आगे चलकर फिल्म इंडस्ट्री में बने रहे, जबकि कुछ ने कैमरे के सामने की दुनिया से अलग रास्ता चुन लिया। ऐसे ही कलाकार हैं सुमीत पाठक। बहुत से लोगों को शायद उनका नाम तुरंत याद न आए, लेकिन 1993 में रिलीज हुई फिल्म ‘बाजीगर’ में शाहरुख खान के किरदार अजय मल्होत्रा के बचपन का रोल निभाने वाला चेहरा आज भी दर्शकों की यादों में है। इस छोटी लेकिन प्रभावशाली भूमिका ने उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट अवॉर्ड भी दिलाया था।

‘बाज़ीगर’ ने बदली सुमीत पाठक की पहचान

सुमीत पाठक ने बतौर बाल कलाकार साल 1992 में फिल्म ‘एक लड़का एक लड़की’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके अगले ही साल अब्बास-मस्तान की ‘बाज़ीगर’ में उन्हें शाहरुख खान के किरदार के बचपन की भूमिका निभाने का मौका मिला। फिल्म में उनका स्क्रीन टाइम बहुत ज्यादा नहीं था, लेकिन उनकी परफॉर्मेंस दर्शकों के बीच अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रही। ‘बाजीगर’ की सफलता के बाद सुमीत के लिए फिल्मों के रास्ते खुलते चले गए। उन्होंने 1994 में ‘इक्के पे इक्का’ में काम किया। इसके बाद 1996 में ‘राजकुमार’ और ‘माहीर’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया। उन्होंने दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पढ़ाई की और क्लासिकल डांस की ट्रेनिंग भी ली।

फिल्मों के बाद टीवी पर बने सुपरहीरो

बाल कलाकार से बड़े कलाकार के तौर पर पहचान बनाना आसान नहीं होता। सुमीत पाठक ने भी इस बदलाव का सामना किया। साल 2002 में वह ‘तुमको ना भूल पाएंगे’ के जरिए बड़े पर्दे पर लौटे। इस फिल्म में उन्होंने सलमान खान के भाई की भूमिका निभाई। इसके दो साल बाद 2004 में वह ‘टार्जन: द वंडर कार’ में वत्सल सेठ के साथ दिखाई दिए। हालांकि छोटे पर्दे पर उनका एक किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ। साल 2005 से 2007 के बीच उन्होंने हंगामा टीवी के शो ‘हीरो-भक्ति ही शक्ति है’ में जॉय सहगल का किरदार निभाया। शो की कहानी में जॉय को देवी दुर्गा से सुपरपावर मिलती है, जिसके बाद वह अपनी शक्तियों का इस्तेमाल बुराई के खिलाफ करता है। खास तौर पर बच्चों और युवा दर्शकों के बीच यह शो काफी लोकप्रिय हुआ।

एक्टिंग के साथ वॉइस आर्टिस्ट के तौर पर भी किया काम

सुमीत पाठक का जुड़ाव सिर्फ कैमरे के सामने अभिनय तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बतौर वॉइस आर्टिस्ट भी काम किया। ‘ऑसवाल्ड’, ‘पावर रेंजर्स’, ‘रिची रिच’ और ‘बेब्लेड’ जैसे चर्चित एनिमेटेड शोज के लिए उन्होंने अपनी आवाज दी। इसके अलावा कई दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी वर्जन में भी उनकी आवाज सुनने को मिली। धीरे-धीरे सुमीत ने एक्टिंग से दूरी बनानी शुरू कर दी और मनोरंजन जगत के एक ऐसे क्षेत्र की ओर कदम बढ़ाया, जो पर्दे के पीछे काम करता है, लेकिन किसी भी कंटेंट को दर्शकों तक पहुंचाने में उसकी अहम भूमिका होती है।

पत्नी के साथ शुरू की गुलमोहर मीडिया

सुमीत पाठक ने अपनी पत्नी और बिजनेस पार्टनर श्वेता पाठक के साथ मिलकर ‘गुलमोहर मीडिया’ की शुरुआत की। कंपनी की शुरुआत भाषा लोकलाइजेशन के काम से हुई, लेकिन समय के साथ इसका विस्तार पोस्ट-प्रोडक्शन और मीडिया टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हो गया। आज कंपनी की मौजूदगी मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई समेत भारत के छह शहरों में बताई जाती है। कंपनी ने पारंपरिक स्टूडियो मॉडल से आगे बढ़ते हुए क्लाउड आधारित एडिटिंग और प्रोडक्शन को भी अपने काम का हिस्सा बनाया है। इसके जरिए अलग-अलग जगहों पर मौजूद टीमें एक साथ प्रोजेक्ट पर काम कर सकती हैं।

‘सत्यमेव जयते’ से मिली बड़ी पहचान

गुलमोहर मीडिया के काम को बड़ा मंच उस समय मिला, जब कंपनी ने आमिर खान प्रोडक्शंस के चर्चित सामाजिक कार्यक्रम ‘सत्यमेव जयते’ के लिए भाषा लोकलाइजेशन का काम संभाला। शो को अलग-अलग भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ने कंपनी को बड़े स्तर के लोकलाइजेशन प्रोजेक्ट संभालने का अनुभव दिया। इसके बाद कंपनी ने अपने काम का दायरा और बढ़ाया। अब यह सिर्फ लोकलाइजेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि कंटेंट क्रिएशन और मीडिया टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी काम कर रही है। कंपनी दो भारतीय एनीमे प्रोजेक्ट्स विकसित कर रही है और फ्रांस तथा जर्मनी जैसे देशों के इंटरनेशनल कंटेंट पर भी काम कर रही है, जिसे दक्षिण-पूर्व एशिया के दर्शकों तक पहुंचाया जाना है।

ये भी पढ़ें: ‘कुछ स्मित मच्छार पर भी बोल लेते’, नसीरुद्दीन शाह को पीयूष मिश्रा की दो टूक, बोले- जब भी बोलेंगे, जवाब मिलेगा

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!