कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी दल SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी जंतर-मंतर पर NSUI समेत कई अलग-अलग संगठनों ने प्रदर्शन किया है। SIR और ज्ञानेश कुमार से जुड़ा विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को मामले में नोटिस जारी किया है। इस मामले में अगले हफ्ते सुनवाई होने वाली है। इन सब के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला कर रहे हैं। हालांकि, अब चुनाव आयोग ने भी राहुल गांधी के दावे का फैक्ट चेक कर दिया है।
राहुल गांधी ने क्या दावा किया?
दरअसल, राहुल गांधी बीते कुछ दिनों से SIR की प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़े आरोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को एक ट्वीट किया और कहा- “ये बात अब बिना किसी शक के साबित हो चुकी है कि ज्ञानेश कुमार ने गैर-कानूनी और एकतरफा तरीके से ‘फॉर्म 6’ में बदलाव किया। यह इस बात का एक और सबूत है कि उन्होंने BJP की मदद करने के लिए अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। उनको और हमारे लोकतंत्र पर हुए इस आपराधिक हमले में शामिल हर व्यक्ति को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।” इस ट्वीट में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए एक प्रेस विज्ञप्ति को भी शेयर किया जिसमें उन्होंने तीसरे बिंदू को प्वाइंट आउट किया है। इस प्वाइंट में लिखा है- “SIR के लिए फ़ॉर्म 6 के साथ लगे घोषणा-पत्र को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया है। Non-SIR अवधि के लिए, नियमों (मतदाता पंजीकरण नियम 1960) के अनुसार लागू फ़ॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने किया फैक्ट चेक
चुनाव आयोग की ओर से राहुल गांधी द्वारा ट्वीट में किए गए इस दावे का फैक्ट चेक किया गया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि राहुल की पोस्ट में दिया गया बयान गुमराह करने वाला है। चुनाव आयोग ने कहा-:
1) बिहार में SIR के लिए 24 जून 2025 को जारी किया गया आदेश आयोग की सर्वसम्मत मंजूरी से जारी किया गया था। भारत के सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई 2026 के अपने फैसले में इस आदेश को सही ठहराया है।
2) ECI ने 26 सितंबर 2026 के अपने प्रेस नोट नंबर 120 के पॉइंट 1(iii) में कहा है कि, “SIR के लिए फॉर्म 6 के साथ लगे घोषणा-पत्र को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया है।”
कांग्रेस निकालेगी सेव डेमोक्रेसी मार्च
आपको बता दें कि पिछले 4 दिनों से SIR और ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बड़ी बैठक की है। दिल्ली में खरगे-राहुल-प्रिंयका की मौजूदगी में हुई बैठक में कई बड़े फैसले किए गए हैं। कांग्रेस ने देशभर में सेव डेमोक्रेसी मार्च निकालने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता बाइक रैली, साइकिल रैली और पदयात्रा करेंगे जिसके जरिये SIR में कटे वोटर्स के नाम इकट्ठा किए जाएंगे और फिर दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस बड़ी रैली करेगी जिसमें इंडिया गठबंधन के नेता भी शामिल होंगे। साथ ही 25 और 26 नवंबर को 6 अलग-अलग जगहों से दिल्ली यात्रा होगी। कांग्रेस कल संसद से चुनाव आयोग दफ्तर तक भी मार्च निकालेगी।
ये भी पढ़ें- SIR विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा- न्यूज रिपोर्ट के आधार पर नहीं दिया जाएगा आदेश, चुनाव आयोग को भी नोटिस जारी किया
खरगे के ‘अवैध’ वाले बयान पर BJP का पलटवार, पूछा- ‘क्या आप भी अवैध सांसद हैं?’









