भारत ने न्यूज़ीलैंड को 8 विकेट से हराकर सीरीज़ जीती

गुवाहाटी के बारासपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर भारत ने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया, जिसमें कीवी टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत के मुख्य हीरो अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी और अर्द्धशतक बनाए। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कीवी बल्लेबाजों को धूल चटा दी। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 14 गेंदों में 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया, जो युवराज सिंह के 12 गेंदों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं।

न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 48 रन बनाए। मार्क चैपमैन ने 23 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए, जबकि कप्तान मिशेल सेंटनर ने 17 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 27 रनों का योगदान दिया। डेरिल मिशेल ने 8 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 14 रन, टिम सेफर्ट ने 11 गेंदों में 1 चौके की मदद से 12 रन, रचिन रवींद्र ने 5 गेंदों में 1 चौके की मदद से 4 रन, जैकब डफी ने 3 गेंदों में 4 रन और काइल जैमीसन ने 5 गेंदों में 3 रन बनाए। इसके अलावा ईश सोढ़ी ने 5 गेंदों में 2 रन, डेवॉन कॉनवे ने 2 गेंदों में 1 रन और मैट हेनरी ने 1 गेंद में 1 रन बनाया।

न्यूज़ीलैंड के विकेट रेगुलर इंटरवल पर गिरते रहे। पहला विकेट डेवॉन कॉनवे (2 रन, 0.3 ओवर) का गिरा। फिर रचिन रवींद्र (13 रन, 1.4 ओवर), टिम सीफ़र्ट (34 रन, 5.1 ओवर), मार्क चैपमैन (86 रन, 11.6 ओवर), डेरिल मिशेल (112 रन, 14.4 ओवर), ग्लेन फिलिप्स (112 रन, 15.1 ओवर), काइल जैमीसन (132 रन, 17.2 ओवर), मैट हेनरी (134 रन, 17.4 ओवर) और आखिर में मिशेल सेंटनर (144 रन, 19.1 ओवर) आउट हुए।

भारतीय गेंदबाज़ों ने डिसिप्लिन्ड परफ़ॉर्मेंस दी। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ़ 17 रन देकर सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिए। रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट और हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए। हर्षित राणा ने 4 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि कुलदीप यादव और शिवम दुबे विकेट लेने में नाकाम रहे।

भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 20 गेंदों में 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाकर जीत पक्की की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी ज़बरदस्त बैटिंग की और 26 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए। ईशान किशन ने 13 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 28 रन का योगदान दिया, जबकि संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हुए।

आज के मैच को मिलाकर दोनों देशों के बीच अब तक कुल 28 T20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत का पलड़ा भारी दिख रहा है। न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेले गए कुल 27 T20 मैचों में से भारत ने 15 मैच जीते हैं और न्यूज़ीलैंड ने 10 मैच जीते हैं। जबकि तीन मैच टाई रहे हैं।

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Comment

error: Content is protected !!