सड़क पार कर रही मां-बेटियों को बाइक ने रौंदा, 6 साल की ध्वनि की दर्दनाक मौत; वडोदरा हादसे का CCTV

 

गुजरात के वड़ोदरा शहर में एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने पैदल सड़क पार कर रही एक महिला और 2 बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद एक बच्ची की मौत हो गई। इस भयानक हादसे का चौंकाने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है।

कैसे हुआ हादसा?

हादसा वड़ोदरा के मकरपुरा क्षेत्र के माणेजा क्रॉसिंग से जाम्बुवा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ। वोल्टेम कंपनी के नजदीक मां और दो बेटियां पैदल निकली थीं। वे सड़क पार कर रही थीं, तभी एक 19 साल के बाइक सवार ने उन्हें पूरी स्पीड से टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में महिला समेत दोनों बच्चियों को गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल एक छोटी बच्ची को तत्काल इलाज के लिए वडोदरा की एसएसजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

 

Image Source : REPORTER INPUTसड़क पार करते समय बाइक ने मारी थी टक्कर।

मां की हालत गंभीर

मृतका की पहचान छह वर्षीय ध्वनि जीगर भाई पटेल के रूप में हुई। बच्ची की मां की हालत गंभीर होने पर उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हादसे की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

CCTV में कैद खौफनाक हादसा-

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच और तलाश तेज कर दी है।

वडोदरा में बस के दरवाजे में फंस गई बच्चे की गर्दन

वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में वडोदरा से एक और दर्दनाक वीडियो सामने आया था। यहां एक बच्चे की गर्दन पार्क के पास खड़ी बस में फंस गई और तड़पकर बच्चे की मौत हो गई।  8 वर्षीय दिव्येश अपनी मां से प्रसाद लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ समय बाद बच्चा जमीन पर बेहोशी की हालत में मिला। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें दिव्येश की गर्दन बस के दरवाजे में फंसी दिख रही थी।

(रिपोर्ट- सत्यम नेवास्कर)

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!