नेपाल की विनाशकारी बाढ़ पर अनुपम खेर ने जताया दुख, तबाही देख बोले- ‘बेबस महसूस कर रहा हूं’

विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को बताया कि नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद 288 भारतीय नागरिक लापता हैं। इस आपदा में 359 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोगों के अभी भी लापता होने की खबर है। यह हाल के वर्षों में नेपाल में आई सबसे बुरी आपदाओं में से एक है। दूसरी ओर, बाढ़ में बंगाली एक्टर्स खराज मुखर्जी और रजताभ दत्ता समेत कई स्टार्स भी फंसे हुए हैं। इस बीच, अनुपम खेर ने नेपाल में हुई तबाही पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

नेपाल बाढ़ से हुई तबाही पर अनुपम खेर ने जताया दुख 

बाढ़ की इस त्रासदी ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। अनुपम खेर ने भी इंस्टाग्राम पर एक मैसेज शेयर कर इस स्थिति पर अपना दुख व्यक्त किया। वीडियो संदेश के साथ अनुपम खेर ने लिखा, ‘मैं नेपाल के लिए प्रार्थना करता हूं! नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही से मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। जानें चली गईं। परिवार उजड़ गए। घर बह गए। बेबस जानवर तबाही की चपेट में आ गए। यह सोचना ही दिल दहला देने वाला है कि कैसे कुछ ही पलों में किसी की अपनी कही जाने वाली हर चीज गायब हो सकती है।’

तबाही देख भावुक हुए अनुपम खेर

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से आ रही तस्वीरों को देखकर महसूस हुई बेबसी के बारे में बात की। ‘द कश्मीर फाइल्स’ के एक्टर ने आगे कहा, ‘इन सीन्स को देखकर मुझे बहुत बेबसी महसूस हो रही है, जिसने अपना कोई करीबी खो दिया हो, उसे दिलासा देने के लिए क्या शब्द हो सकते हैं? मेरा दिल उन दुखी परिवारों और उन सभी लोगों के साथ है जो इस डर और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं। मैं नेपाल के लोगों और सीमा पार तिब्बत में प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं, जो लोग अभी भी मदद का इंतजार कर रहे हैं। उन तक मदद पहुंचे, जो लोग अपने अपनों को ढूंढ रहे हैं, वे उन्हें सुरक्षित पाएं और जिन्होंने सब कुछ खो दिया है। उन्हें सहारा, आश्रय और मदद का हाथ मिले। मुझे उम्मीद है कि दुनिया मदद के लिए एकजुट होगी। सहानुभूति के साथ, तत्परता के साथ और हममें से हर कोई जो कुछ भी दे सकता है उसके साथ। इस अकल्पनीय दुख के समय में आइए हम यह सुनिश्चित करें कि वे खुद को अकेला महसूस न करें।’

अनुपम खेर का वर्क फ्रंट

काम की बात करें तो अनुपम खेर अगली बार ‘खोसला का घोसला 2’ में दिखाई देंगे। अनुपम खेर, बोमन ईरानी, ​​रणवीर शौरी, परवीन डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा की यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें – नेपाल में भारी बाढ़ के बीच फंसे बंगाली एक्टर्स खराज मुखर्जी और रजताभ दत्ता, तबाही के बीच कैसा है हाल?

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!