हाथ में भाला और खून से लथपथ अवतार, रश्मिका मंदाना की एक्शन थ्रिलर ‘मैसा’ की रिलीज डेट का ऐलान

नेशनल क्रश के नाम से मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री रश्मिका मंदाना जल्द ही एक बेहद निडर और खूंखार अवतार में बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं। उनकी बहुचर्चित एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘मैसा’ को लेकर लंबे समय से बज बना हुआ था और अब मेकर्स ने इसकी आधिकारिक रिलीज डेट का खुलासा कर दिया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज की जाएगी। भारतीय सिनेमा में महिलाओं के नेतृत्व वाली पहली इतनी बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में से एक मानी जा रही ‘मैसा’ में रश्मिका का एक ऐसा रूप देखने को मिलेगा, जो दर्शकों ने इससे पहले कभी नहीं देखा है।

27 नवंबर को रिलीज होगी रश्मिका की ‘मैसा’

फिल्म के मेकर्स ने एक नया पोस्ट शेयर करते हुए आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट की घोषणा की है। इस पोस्टर में रश्मिका मंदाना का एक बेहद पावरफुल और प्रभावशाली रूप सामने आया है। निर्माताओं ने रश्मिका के किरदार का परिचय देते हुए लिखा कि वह स्वभाव से बेहद सहनशील, अपनी पसंद से निडर और आत्मा से अटूट हैं। मेकर्स ने दर्शकों को रश्मिका के इस अनदेखे अवतार का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया है। इस घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सामने आए पोस्टर में रश्मिका हाथ में भाला लिए नजर आ रही हैं, उन्हें खून से लथपथ पावरफुल अंदाज में आप देख सकते हैं।

खतरनाक स्टंट और धांसू एक्शन से भरपूर होगी फिल्म

फिल्म ‘मैसा’ को एक हाई-ऑक्टेन और इमोशनल एक्शन थ्रिलर के रूप में तैयार किया जा रहा है। कहानी की पृष्ठभूमि आदिवासी इलाकों और उनकी सांस्कृतिक जड़ों पर आधारित है। मेकर्स के अनुसार, यह सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं होगी, बल्कि इसमें एक बेहद मजबूत और दिल को छू लेने वाली कहानी भी होगी। फिल्म का विजुअल प्रेजेंटेशन और सिनेमाटोग्राफी दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाने का वादा करती है। रश्मिका इस पूरी कहानी के केंद्र में होंगी और अपने दमदार एक्शन स्टंट से दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं।

जून में सामने आई थी रश्मिका के पहले लुक की पहली झलक

इससे पहले जून 2026 में जब फिल्म ‘मैसा’ का पहला लुक जारी किया गया था तो उसने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया था। उस पोस्टर में रश्मिका मंदाना चेहरे पर खून के धब्बे, खुले बिखरे बाल और हाथ में तलवार थामे हुए बेहद उग्र अंदाज में नजर आई थीं। रश्मिका ने खुद भी इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा था कि वह हमेशा दर्शकों को कुछ नया और रोमांचक देने की कोशिश करती हैं। उन्होंने इस किरदार को अब तक का सबसे कठिन और अलग अनुभव बताया था।

रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी ‘मैसा’

अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म की दुनिया और इसके किरदारों को बहुत ही यथार्थवादी और गहन तरीके से गढ़ा है। अगर वर्कफ्रंट की बात करें, तो रश्मिका मंदाना को हाल ही में ‘कॉकटेल 2’ में देखा गया था, जिसमें उनके साथ कृति सेनन और शाहिद कपूर भी नजर आए थे। ‘मैसा’ के अलावा रश्मिका के पास ‘रणबाली’ जैसा बड़ा प्रोजेक्ट भी है, जिसमें वह अपने पति विजय देवरकोंडा के साथ नजर आने वाली हैं। फिलहाल फैंस को 27 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है, जब रश्मिका बड़े पर्दे पर अपना यह नया अवतार पेश करेंगी।

ये भी पढ़ें: बादशाह से शादी टूटते ही ईसा रिखी ने मिटाई रिश्ते की हर झलक, एक-दूसरे को किया अनफॉलो, डिलीट की एक-एक फोटो

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!