गेंदबाज ने 100 KM दौड़कर फेंकी गेंद, सबसे लंबे रन-अप का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश में 14 घंटे तक भागा

क्रिकेट में गेंदबाज का रन-अप आमतौर पर कुछ कदमों का होता है, लेकिन इंग्लैंड के एक क्रिकेटर ने इसे 100 किलोमीटर तक पहुंचा दिया। सैम बोडोआनो ने क्रिकेट की गेंद फेंकने से पहले 62 मील यानी करीब 100 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की है।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, सैम ने शनिवार को नॉर्दर्न लंदन स्थित ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से अपनी अनोखी चुनौती शुरू की। करीब 14 घंटे तक दौड़ने के बाद वह रविवार को वोकिंग स्थित वैली एंड क्रिकेट क्लब पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपने पिता को मैच की पहली गेंद फेंककर इस रिकॉर्ड रन-अप का समापन किया। इस चुनौती के जरिए सैम ने लगभग 6000 पाउंड की राशि कैंसर चैरिटी द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन के लिए जुटाई।

रिकॉर्ड के लिए पूरी करनी थीं कई शर्तें

यह चुनौती सिर्फ 100 किलोमीटर दौड़ने तक सीमित नहीं थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के नियमों के तहत सैम को पूरी दौड़ के दौरान अपने हाथ में क्रिकेट की गेंद रखनी थी और पूरे क्रिकेट सफेद परिधान में दौड़ना था। इतना ही नहीं, दौड़ पूरी करने और पहली गेंद फेंकने के बाद उन्हें एक आधिकारिक क्रिकेट मैच में भी हिस्सा लेना था। इस मैच में अंपायर, स्कोरर और 11-11 खिलाड़ियों वाली दो टीमें मौजूद रहीं।सैम की इस कोशिश ने क्रिकेट और लंबी दूरी की दौड़ को एक अनोखे अंदाज में जोड़ दिया। हालांकि, उनका नाम फिलहाल आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड बुक में दर्ज नहीं हुआ है।

अभी होगी वर्ल्ड रिकॉर्ड की जांच

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रवक्ता के मुताबिक, सैम ने रिकॉर्ड प्रयास के लिए जरूरी शर्तें पूरी की हैं, लेकिन उनकी उपलब्धि को आधिकारिक मान्यता मिलने से पहले सभी सबूतों और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यह सत्यापन प्रक्रिया आमतौर पर करीब दो सप्ताह ले सकती है। अगर रिकॉर्ड को मंजूरी मिलती है तो सैम मौजूदा रिकॉर्ड को बड़े अंतर से तोड़ देंगे।

24 किमी था पुराना रिकॉर्ड

इससे पहले सबसे लंबे क्रिकेट बॉलिंग रन-अप का मेन्स कैटेगिरी का रिकॉर्ड टॉम डन के नाम था। उन्होंने अगस्त 2024 में ईस्ट लंदन के बेथनल ग्रीन से साउथ लंदन के वैंड्सवर्थ कॉमन तक करीब 24 किलोमीटर यानी 15 मील की दूरी तय की थी। सैम को टॉम डन का एक वीडियो देखने के बाद ही इस चुनौती का विचार आया था। उन्होंने सोचा कि जब 24 किलोमीटर का रन-अप संभव है तो वह इससे कहीं लंबी दूरी तय कर सकते हैं। अब सबकी नजर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की अंतिम जांच पर है। अगर सैम की इस कोशिश को हरी झंडी मिल जाती है, तो क्रिकेट इतिहास का यह शायद सबसे लंबा और सबसे थकाने वाला रन-अप आधिकारिक तौर पर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाएगा।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी का फ्लॉप शो, जैसे ही रंग में आए यश ने कर दिया खेल खत्म

ग्लेन फिलिप्स के हाथ में लगा है मेगनेट? ये अद्भुत कैच नहीं देखा तो क्या देखा VIDEO

Latest Cricket News



Source link

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/cricket-1788284647.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!