कौन हैं ‘हनुमान अंश’ एक्ट्रेस पूर्णिमा तिवारी? नीम करोली बाबा की पत्नी के रोल से चमकी किस्मत, सादगी से लूटी महफिल

कभी-कभी सिनेमाई पर्दे पर एक ऐसी खामोश क्रांति आती है, जो बॉक्स ऑफिस के पुराने समीकरणों को पूरी तरह हिलाकर रख देती है। साल 2026 की सबसे अप्रत्याशित और चमत्कारी ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 53 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर हर किसी को हैरान कर दिया है। जहां इस आध्यात्मिक यात्रा में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा के केंद्रीय किरदार में जान फूंक दी है, वहीं फिल्म की अनकही रीढ़ बनकर उभरी हैं अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी। बाबा नीम करौली की धर्मपत्नी ‘रामबेटी शर्मा’ के किरदार में पूर्णिमा की सादगी और अभिनय की गहराई ने दर्शकों के दिलों को गहराई से छू लिया है।

ग्लैमरस इंस्टाग्राम क्वीन से सादगी तक का जादुई सफर

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता का एक बड़ा हिस्सा पूर्णिमा तिवारी के ट्रांसफॉर्मेशन को जाता है। असल जिंदगी और सोशल मीडिया पर बेहद मॉडर्न और ग्लैमरस अंदाज में नजर आने वाली पूर्णिमा जब पर्दे पर 50 के दशक की एक सादगी से भरी महिला के रूप में सामने आईं तो दर्शक पहचान ही नहीं पाए। अपने इस ऑन-स्क्रीन अवतार के लिए उन्होंने अपनी न सिर्फ अपनी चाल-ढाल बदली बल्कि उन्होंने इस किरदार को पूरी तरह से अपने जीवन में उतार लिया, यही वजह रही कि वो पर्दे पर वैसे ही निखर कर आईं, जैसे निर्देशक उन्हें देखना चाहते थे। साधारण सूती साड़ियां, आंखों में सादगी और चेहरे पर एक गृहिणी की गरिमा लिए पूर्णिमा ने रामबेटी के रूप को जिस निष्ठा से जीया है, उसकी चारों तरफ तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर उनके ग्लैमरस अंदाज और फिल्म के सिंपल लुक के बीच की तुलना लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

नीम करौली बाबा के पारिवारिक जीवन की भावुक दास्तान

‘हनुमान अंश’ केवल नीम करौली बाबा के सिद्धियों और आध्यात्मिक चमत्कारों का लेखा-जोखा नहीं है। यह कहानी उनके उस दौर को भी सामने लाती है, जब वे वैराग्य और संसार के बीच झूल रहे थे। पूर्णिमा तिवारी का किरदार ‘रामबेटी शर्मा’ इस पूरी यात्रा को एक बेहद भावुक और मानवीय आयाम प्रदान करता है। फिल्म में रामबेटी का पात्र उस दौर का गवाह बनता है जब नीम करोली बाबा गृहस्थ जीवन की जिम्मेदारियों से बंधे थे। एक पत्नी के दृष्टिकोण से एक साधारण व्यक्ति के ‘महाराज जी’ बनने की इस प्रक्रिया को पूर्णिमा ने संवेदनशीलता के साथ व्यक्त किया है।

छोटे पर्दे की दुनिया से बड़े पर्दे पर ऐतिहासिक मुकाम

पूर्णिमा तिवारी के लिए ‘हनुमान अंश’ की सफलता कोई रातों-रात मिला उपहार नहीं है, बल्कि यह उनकी सालों की मेहनत का फल है। इससे पहले वे भारतीय टेलीविजन, ओटीटी वेब सीरीज और हिंदी सिनेमा के कई प्रोजेक्ट्स में अपनी अदाकारी का हुनर दिखा चुकी हैं। एकता कपूर के चर्चित धारावाहिक ‘प्यार की राहें’, लोकप्रिय टीवी शो ‘गुम है किसी के प्यार में’ और नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘चूना’ में उनके काम को सराहा गया था। फिल्मों की बात करें तो पूर्णिमा ‘लकीरें’, ‘हुड़दंग’ और ‘रात अकेली है’ जैसी प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि जो मुकाम और वैश्विक पहचान उन्हें ‘हनुमान अंश’ ने दिलाई है, उसने उनके करियर को एक बिल्कुल नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। खुद पूर्णिमा इस अनुभव से बेहद खुष हैं और उन्होंने अपने इंस्टाग्राम बायो में लिख रखा है, ‘रामबेटी का किरदार निभाने के लिए आभारी हूं।’

बॉक्स ऑफिस का ऐतिहासिक करिश्मा

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले दिन महज 10 लाख रुपये का बेहद शांत बिजनेस किया था। लेकिन माउथ-पब्लिसिटी और दर्शकों के असीम प्यार के दम पर फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि चौथे हफ्ते तक आते-आते तूफान ला दिया। 24 दिनों के भीतर फिल्म ने भारत में 40.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया। चौथे वीकेंड पर फिल्म ने 22वें दिन 6.25 करोड़, 23वें दिन 9.25 करोड़ और 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपये का बिजनेस कर ट्रेड एनालिस्ट को हैरान कर दिया है। अब ये आंकड़ा दुनिया भर में 53 करोड़ तक पहुंच गया है।

ये भी पढ़ें: भाभी से खत्म हुई ऐश्वर्या राय की अनबन, मामा और भाइयों संग आराध्या ने मनाई राखी, बच्चन फैमिली रही नदारद

Latest Bollywood News

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!