एशियन गेम्स के लिए भारत का बड़ा दल तैयार, 503 खिलाड़ी और 246 अधिकारी-सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी

एशियन गेम्स के मंच पर भारत इस बार बड़े दल के साथ उतरने जा रहा है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए खेल मंत्रालय ने 2 सितंबर को 768 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी। इसमें 503 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि उनके साथ 246 अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ भी मौजूद रहेगा।

भारतीय दल में 234 महिला खिलाड़ी शामिल

खेल मंत्रालय ने शुरुआत में 492 खिलाड़ियों के नामों को मंजूरी दी थी, लेकिन बाद में मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल में कुछ और नाम जोड़े गए। नई मंजूरी के बाद भारतीय दल में 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के अलावा 246 अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ की टीम भी उनके साथ जापान जाएगी।

अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ में 23 चीफ/डिप्टी चीफ कोच और 150 कोच शामिल हैं। इनके अलावा मेडिकल स्टाफ, फिजियोथेरेपिस्ट, मनोवैज्ञानिक, मसाज थेरेपिस्ट, मैनेजर और तकनीकी स्टाफ को भी दल का हिस्सा बनाया गया है। कंटिन्जेंट स्टाफ में शेफ डी मिशन सहदेव यादव और चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिनशॉ पारदीवाला भी शामिल हैं।

नीरज चोपड़ा की खलेगी कमी

एथलेटिक्स दल 79 सदस्यों के साथ भारत के सबसे बड़े दलों में से एक होगा और उसे सबसे ज्यादा 31 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ मिला है। इसमें 20 कोच शामिल हैं, जिनकी अगुआई नेशनल कोच पी. राधाकृष्णन करेंगे। हालांकि, भारत को स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की कमी खलेगी। चोट के कारण वह इस एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

क्रिकेट में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें चुनौती पेश करेंगी। दोनों टीमों के लिए कुल 20 सदस्यों के सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है, जिसकी अगुआई पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण करेंगे। भारत एशियन गेम्स में कुल 36 खेलों में हिस्सा लेगा। एशियन गेम्स 2026 का 19 सितंबर से आगाज होगा और 4 अक्टूबर तक चलेगा। एशियन गेम्स 2022 में भारत चौथे स्थान पर रहा था। भारत के खाते में कुल 106 मेडल आए थे, जिसमें 28 गोल्ड मेडल शामिल थे। भारत की झोली में 38 सिल्वर मेडल और 40 ब्रॉन्ज मेडल भी आए थे। भारतीय खिलाड़ियों की कोशिश इस बार भी मेडल टेबल में देश की स्थिति को मजबूत करने की होगी। 

यह भी पढ़ें:

एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान, नजमुल हुसैन शांतो की वापसी, लिटन दास संभालेंगे कमान

टीम इंडिया का ऐलान, 26 खिलाड़ियों को मिली जगह; पनामा, ब्राजील और उरुग्वे से भिड़ेगी भारतीय टीम



Source link

https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/asian-games-1788371392.jpg

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!