Highlights
- ट्रंप की तस्वीर वाला खास गोल्डन 1 डॉलर सिक्का अमेरिका में बुधवार से बिक्री के लिए उपलब्ध है।
- सिक्के की दूसरी तरफ अमेरिका की Great Seal और लैटिन संदेश E PLURIBUS UNUM अंकित है।
- 25 सिक्कों की रोल 61 डॉलर और 100 सिक्कों वाले बैग की कीमत 154.50 डॉलर होगी।
वॉशिंगटन: अमेरिका की 250वीं सालगिरह के मौके पर तैयार किया गया खास 1 डॉलर का सिक्का बुधवार से बिक्री के लिए उपलब्ध हो गया है। इस सिक्के की सबसे खास बात यह है कि इसके एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा है और सिक्के पर गोल्ड फिनिश दी गई है। अमेरिकी टकसाल यानी ‘यूएस मिंट’ ने इसकी बिक्री की जानकारी दी है। यह सिक्का अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ मनाने के लिए बनाया गया है। हालांकि, सिक्के पर ट्रंप की तस्वीर होने के कारण इसे लेकर राजनीतिक और कानूनी बहस भी शुरू हो गई है।
एक तरफ ट्रंप, दूसरी तरफ अमेरिका की मुहर
सिक्के के एक तरफ ट्रंप का चेहरा है, जिसे ‘हेड्स’ कहा गया है। दूसरी तरफ अमेरिका की ‘Great Seal’ यानी आधिकारिक राष्ट्रीय मुहर है, जिसे ‘टेल्स’ के रूप में रखा गया है। इस डिजाइन को इसी साल यूएस कमिशन ऑफ फाइन आर्ट्स ने मंजूरी दी थी। इस आयोग के सदस्यों की नियुक्ति ट्रंप ने की थी। ट्रंप ने पहले इस बारे में कहा था कि सिक्के पर अपना चेहरा होना ‘बहुत असामान्य’ विचार है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि वह इसके लिए ‘सम्मानित’ महसूस करते हैं।
ट्रंप के नाम और तस्वीर को लेकर पहले भी विवाद
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में उनके नाम और पहचान को प्रमुख जगहों पर इस्तेमाल करने की कई कोशिशें हुई हैं। इनमें से कुछ मामले कानूनी विवाद और मुकदमों तक पहुंच चुके हैं। इसमें केनेडी सेंटर और यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस पर ट्रंप का नाम लगाने की कोशिश भी शामिल है। ट्रंप अमेरिका और वॉशिंगटन डीसी के इतिहास पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करते रहे हैं। बता दें कि ट्रंप की तस्वीर वाले सिक्कों की बात काफी पहले से चल रही है, और कहा गया था कि ये सिक्के सोने के होंगे।
ट्रंप की तस्वीर वाले सिक्के के दोनों पहलू।
जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर पर कानून क्या कहता है?
ट्रंप की तस्वीर वाले सिक्के को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई है। इसकी बड़ी वजह अमेरिकी संघीय कानून है, जो आम तौर पर अमेरिकी मुद्रा पर किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर लगाने पर रोक लगाता है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी यानी वित्त मंत्री के पास विशेष सिक्कों को जारी करने और उनकी ढलाई की अनुमति देने का अधिकार होता है। यही वजह है कि इस खास सिक्के को लेकर कानूनी सवाल उठने के बावजूद इसे विशेष स्मारक सिक्के के तौर पर जारी किया जा रहा है।
ट्रंप के चेहरे वाले सिक्के पर क्या लिखा है?
यूएस मिंट के मुताबिक, इन सिक्कों को ‘अमेरिका की 250 साल की महान विरासत का सम्मान करने’ के लिए तैयार किया गया है। ट्रंप के चेहरे के ऊपर गोलाई में ‘LIBERTY’ लिखा है। उनके चेहरे के नीचे ‘1776 (टिल्डे) 2026’ अंकित है, जो अमेरिका की स्थापना से 250 साल पूरे होने की ओर इशारा करता है। सिक्के की दूसरी तरफ अमेरिका की ‘ग्रेट सील’ है। इसमें एक ‘बाल्ड ईगल’ बना है, जिसके एक पंजे में तीर और दूसरे में जैतून की शाखा है। बाज की चोंच में एक रिबन है, जिस पर ‘E PLURIBUS UNUM’ लिखा है। यह लैटिन भाषा में है, जिसका अर्थ है ‘अनेक में से एक’।
25 सिक्कों के रोल की कीमत 61 डॉलर
यूएस मिंट के मुताबिक, 25 सिक्कों की एक रोल की कीमत 61 डॉलर होगी। वहीं 100 सिक्कों वाले बैग की कीमत 154.50 डॉलर रखी गई है। खास बात यह है कि अमेरिकी टकसाल ने कुछ विशेष सिक्कों को इन रोल और बैग के बीच बेतरतीब तरीके से छिपाया है। इन खास सिक्कों पर ‘जुलाई 4’ लिखा होगा। इन्हें 4 जुलाई को ढाला गया था, जो अमेरिका के स्वतंत्रता की घोषणा की वर्षगांठ है। ये सिक्के आधिकारिक रूप से कानूनी मुद्रा हैं, यानी इन्हें भुगतान के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: एक डॉलर के सिक्के पर होगा डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा? जूलियस सीजर ने भी कुछ ऐसा ही किया था, और फिर…
https://resize.indiatv.in/resize/newbucket/1200_-/2026/09/1-coin-with-trump-face-1788403803.jpg







