मैसूरु-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर हादसा, यात्रियों से भरी बस ने ट्रक को पीछे से मारी टक्कर; 9 लोग घायल

कर्नाटक में मैसूरु-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर केरलम राज्य परिवहन निगम की बस दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में बस के ड्राइवर सहित 9 लोग घायल हुए हैं। यह एक्सीडेंट रामनगर के पास चन्नापटना में हुआ, यात्रियों से भरी बस ने एक माल ढोने वाले ट्रक के पिछले हिस्से को टक्कर मार दी।

कन्नूर से बेंगलुरु जा रही थी बस

बता दें कि यह एक्सीडेंट आज (गुरुवार को) तड़के हुआ है। घायल हुए 9 लोगों में से 3 को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। ड्राइवर और कंडक्टर सहित 6 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। एक्सीडेंट का शिकार हुई बस कन्नूर से बेंगलुरु जा रही सुपर डीलक्स एयर बस थी।

घायल यात्रियों को पहुंचाया गया अस्पताल

वारदात के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही लोकल पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बस में बैठे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को तुरंत करीबी हॉस्पिटल में पहुंचाया गया।

हादसे की वजहों का पता करने में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के पिछले हिस्से से बस के टकराने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। पुलिस यह मालूम करने में जुटी है कि एक्सीडेंट किस कारण से हुआ है और क्या बस की स्पीड या सड़क पर मौजूद किसी अन्य परिस्थिति का इसमें रोल था।

घायलों की हालत पर रखी जा रही नजर

फिलहाल, जख्मी यात्रियों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। अधिकारियों की तरफ से एक्सीडेंट में घायल लोगों की हालत पर नजर रखी जा रही है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ वक्त के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया।

एक अन्य हादसे में ड्राइवर-कंडक्टर की मौत

इससे पहले अगस्त महीने में बेंगलुरु के पास राज्य परिवहन की एक बस हादसे का शिकार हो गई थी। इस दुर्घटना में ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई थी। इसमें 20 यात्री घायल हो गए थे। यह हादसा भी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर हुआ था। ज्यादा चोट लगने की वजह से ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई थी।

ये भी पढ़ें- टोल प्लाजा पर लेन बदलते समय हुआ हादसा, डिवाइडर से टकराई बस, कई यात्री घायल; CCTV फुटेज आया सामने

vatsalyanews
Author: vatsalyanews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!